रेलवे ने दिव्यांग यात्रियों को दी बड़ी राहत, अब UDID Card से पैसेंजर ट्रेनों में कर सकेंगे सफर
रेलवे ने यूडीआइडी कार्ड धारक दिव्यांग यात्रियों को उपनगरीय और पैसेंजर ट्रेनों के दिव्यांग कोच में यात्रा की अनुमति दे दी है। ...और पढ़ें

अब पैजेंजर ट्रेनों में UDID Card से यात्रा कर सकेंगे दिव्यांगजन। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
यूडीआइडी कार्ड धारक दिव्यांग पैसेंजर ट्रेनों में यात्रा कर सकेंगे।
मेल-एक्सप्रेस के बाद अब पैसेंजर ट्रेनों में भी सुविधा।
यूडीआइडी पर किराये में कोई छूट नहीं मिलेगी।
जागरण संवाददाता, धनबाद।ट्रेनों में सफर करने वाले दिव्यांग यात्रियों के लिए रेलवे ने नई सुविधा बहाल की है। अब यूडीआइडी ( Unique Disability ID Card ) कार्ड धारक दिव्यांग उपनगरीय और पैसेंजर ट्रेनों के दिव्यांग कोच में भी यात्रा कर सकते हैं।
अप्रैल से मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के एसएलआरडी और एलएसएलआरडी कोच में यूडीआइडी के साथ यात्रा की अनुमति दी गई थी। अब इसका विस्तार पैसेंजर ट्रेनों के लिए भी कर दिया गया है। यह सुविधा उपनगरीय और साधारण पैसेंजर ट्रेनों में लागू होगी।
रेलवे ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि दिव्यांगों को केवल यात्रा की अनुमति मिलेगी, यूडीआइडी धारकों को किराये में किसी प्रकार की छूट नहीं मिलेगी। इसे लेकर रेलवे बोर्ड के निदेशक यात्री विपणन -द्वितीय संजय मनोचा ने आदेश जारी कर दिया है।
इससे पहले इसी वर्ष 31 जनवरी से दिव्यांग के साथ सफर करने वाले सहायक का नाम बदलने की सुविधा भी बहाल की जा चुकी है।
जरूरी शर्तें
यात्रा के दौरान यूडीआइडी कार्ड या रेलवे से जारी दिव्यांग कार्ड या रियायती प्रमाणपत्र साथ रखना होगा।
रियायती प्रमाणपत्र न होने पर यूडीआइडी कार्ड धारक को पूरा टिकट या प्रतिदिन यात्रा करने पर सीजन टिकट लेना होगा।
सिर्फ यूडीआइडी कार्ड लेकर यात्रा करने पर बेटिकट माने जाएंगे, उन्हें नियमानुसार जुर्माना चुकाना होगा।
दिव्यांग यात्रियों के लिए रेलवे का निर्णय स्वागत योग्य है। इससे उन्हें सफर के दौरान परेशानियों से नहीं जूझना होगा।
हारून रशीद,सदस्य, राज्य दिव्यांगता सलाहकार बोर्ड।