श्रावणी मेले से पहले बासुकीनाथ की शिवगंगा होगी पावन, 26 लाख की लागत से लगेगा वाटर फिल्ट्रेशन प्लांट
बासुकीनाथ में श्रावणी मेले के मद्देनजर शिवगंगा को पावन बनाने के लिए 26 लाख रुपये की लागत से वाटर फिल्ट्रेशन प्लांट लगाया जा रहा है। ...और पढ़ें

शिवगंगा। फाइल फोटो
HighLights
शिवगंगा को पावन बनाने के लिए 26 लाख का प्लांट।
एसडीओ कौशल कुमार ने किया शिवगंगा का निरीक्षण।
मेला क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश।
संवाद सहयोगी, बासुकीनाथ (दुमका)। श्रावणी मेला में लाखों की संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ के साथ ही बाबा बासुकीनाथ के दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में प्रशासन ने शिवगंगा को पावन बनाने का संकल्प लिया है।
इसके लिए वाटर फिल्ट्रेशन प्लांट लगाया जा रहा है जिस पर करीब 26 लाख रुपए खर्च होंगे। इस राशि से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाकर जल का शुद्धिकरण किया जाएगा।
गुरुवार को शिवगंगा का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीओ कौशल कुमार ने यह बातें कही। उन्होंने मौके पर कार्यकारी एजेंसी से यथाशीघ्र कार्य पूर्ण कराने का भी निर्देश दिया।
वहीं, बासुकीनाथ मेला क्षेत्र का दुमका अनुमंडल पदाधिकारी कौशल कुमार ने जरमुंडी बीडीओ कुंदन भगत, जरमुंडी सीओ सह मंदिर प्रभारी संजय कुमार, नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी सार्जन मरांडी के साथ निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने शिवगंगा में पूर्वी, उत्तरी एवं पश्चिम दिशा में बनने वाले सीढ़ी घाट निर्माण कार्य की प्रगति रिपोर्ट देखी। कार्यकारी एजेंसी के संवेदक ने बताया कि न्यूनतम 20 फीट तक जल की निकासी होने के बाद कार्य प्रारंभ किया जा सकेगा।
कार्य को तय अवधि में पूरा करने को लेकर कार्यकारी एजेंसी को निर्देश दिया। इस दौरान शिवगंगा से सटे कांवरिया पथ, मंदिर के सिंह द्वार, संस्कार मंडप आदि का भी निरीक्षण किया।
अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई
बासुकीनाथ नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सार्जन मरांडी को मंदिर सिंह द्वार के निकट से एवं मेला क्षेत्र में विभिन्न स्थानों से अतिक्रमण हटाने को लेकर सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण यथाशीघ्र हटवा दें अन्यथा अतिक्रमणकारियों की सामग्री जब्त कर ली जाएगी और विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जरमुंडी पुलिस निरीक्षक दयानंद साह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय पदाधिकारी मौजूद रहे।