दुमका में NGT के आदेश की उड़ रही धज्जियां, नदियों में धड़ल्ले से हो रहा अवैध बालू खनन
सरैयाहाट (दुमका) में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की रोक के बावजूद नदियों से अवैध बालू खनन जारी है, जिससे पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है। ग्रामीणों ने ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
एनजीटी की रोक के बावजूद सरैयाहाट में अवैध बालू खनन जारी।
ट्रैक्टरों से रातभर बालू उठाव, पर्यावरण संतुलन प्रभावित।
अंचलाधिकारी ने अवैध खनन रोकने को ट्रेंच कटवाने का निर्देश दिया।
संवाद सहयोगी, सरैयाहाट (दुमका)। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की रोक के बाद भी प्रखंड की विभिन्न नदियों से अवैध रूप से बालू निकासी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। क्षेत्र के कई नदी घाटों से प्रतिदिन ट्रैक्टरों के जरिए बालू का उठाव हो रहा है। यह गतिविधि लंबे समय से जारी है, लेकिन अब तक इस पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है।
ग्रामीणों के अनुसार शाम ढलने के बाद से लेकर सुबह तक कई घाटों पर बालू की निकासी और ढुलाई खुलेआम होती है। अवैध खनन करने वाले लोग बिना किसी रोक-टोक के नदियों से बालू निकाल रहे हैं, जिससे पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित हो रहा है।
लगातार हो रहे खनन के कारण कई नदी घाटों का स्वरूप भी बदलता जा रहा है। जिससे भविष्य में कटाव और अन्य प्राकृतिक समस्याओं की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि प्रखंड में कुछ निर्माण कार्यों और सरकारी योजनाओं में भी स्थानीय नदियों से निकाली गई बालू का उपयोग किया जा रहा है।
कड़ी कार्रवाई की मांग
हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन यदि जांच में ऐसा पाया जाता है तो यह एनजीटी के निर्देशों और खनन नियमों का गंभीर उल्लंघन माना जाएगा। ग्रामीणों का मानना है कि यदि प्रशासन नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई करे तो अवैध बालू खनन पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
अवैध खनन से एक ओर नदियों का प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित हो रहा है, वहीं दूसरी ओर सरकार को राजस्व का भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अवैध बालू उठाव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने व नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
खबरें और भी
अवैध खनन और बालू के कारोबार पर रोक लगाने के लिए संबंधित थाना पुलिस को लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। एक-दो दिनों के भीतर प्रखंड के सभी प्रमुख नदी घाटों पर जेसीबी मशीन से ट्रेंच कटवाने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि ट्रैक्टर नदी तक पहुंच ही न सकें और अवैध बालू उठाव पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। -राहुल कुमार शानू, अंचलाधिकारी सरैयाहाट।