झारखंड के दुमका में विदेशी शराब से भरा ट्रक पलटा, पंजाब से बिहार जा रही थी बड़ी खेप
दुमका के सरैयाहाट में बिहार जा रहा विदेशी शराब से लदा एक ट्रक पलटने से बड़े अंतरराज्यीय सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ। ...और पढ़ें

झारखंड के दुमका में विदेशी शराब से भरा ट्रक पलटा, पंजाब से बिहार जा रही थी बड़ी खेप

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, सरैयाहाट (दुमका)। जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र से होकर बिहार में हो रही शराब तस्करी के एक बड़े अंतरराज्यीय सिंडिकेट का सोमवार की रात पर्दाफाश हो गया। देर रात एनएच-133 सड़क स्थित जमुनिया गांव के निकट विदेशी शराब से लदा एक ट्रक पलटने के बाद जो नजारा सामने आया, उसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।
पंजाब से तस्करी कर बिहार शराब लेकर जा रहा ट्रक (संख्या ओडी 11 एल 8496) पुलिस गश्ती वाहन को देखते ही तेज रफ्तार से भागने लगा।
इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और जमुनिया गांव के निकट ट्रक सड़क किनारे पलट गया। ट्रक पलटते ही उसमें लदा शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। जिससे पूरा इलाका शराब की पेटियों से पट गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल कई ट्रैक्टरों और मजदूरों को बुलाया और बिखरी शराब की बोतलों को एकत्रित कर थाना भेजा। बताया जा रहा है कि जब्त शराब की मात्रा इतनी अधिक है कि उसे ढोने में घंटों का समय लग गया।
हादसे के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जबकि सह चालक महाराष्ट्र के नांदेड़ के रहने वाले समरेश सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। जब्त शराब की कीमत करीब 30-40 लाख के आसपास बताई जा रही है।
आटे की बोरियों के नीचे छुपाकर रखी गई थी शराब
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि तस्करों ने शराब की खेप को छिपाने के लिए ट्रक के ऊपर आटा और डिटर्जेंट पाउडर की बोरियां रख दी थी, ताकि किसी को शक न हो। प्रारंभिक जांच में यह मामला कई राज्यों से जुड़े संगठित तस्करी नेटवर्क का हिस्सा माना जा रहा है।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। वहीं फरार चालक की तलाश जारी है। जब्त शराब की सटीक मात्रा और कीमत का आकलन भी किया जा रहा है।
बोतल बटोरने में लगे 13 ट्रैक्टर
स्थल से बरामद शराब को थाना पहुंचाने के लिए करीब 13 ट्रैक्टर की मदद ली गई। जब्त शराब की कीमत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि देर रात से सुबह दस बजे तक पुलिस मजदूर की सहायता से शराब की बोतलों को घटना स्थल से थाना लाने में लगे रहे।
खबरें और भी
मंगलवार को पूरे दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस शराब की टोटल बोतलों को गिन नहीं कर पाई थी। बुधवार को शराब की टोटल बोतलों की सटीक जानकारी मिल सकती है।