दुमका में मोबाइल की लत ने ली 10वीं के छात्र की जान: मॉर्निंग वॉक के दौरान ट्रेन की चपेट में आया, नजरें फोन पर थीं और कानों में हेडफोन
दुमका में मोबाइल देखते हुए रेल पटरी पर चल रहे 10वीं के छात्र प्रभु राय की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई इस दर्दनाक घटना में ...और पढ़ें

दुमका में मोबाइल की लत ने ली छात्र की जान, ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत।
HighLights
मोबाइल देखते हुए छात्र की ट्रेन से कटकर मौत।
दुमका-रामपुरहाट रेलखंड पर हुई दर्दनाक घटना।
10वीं का छात्र प्रभु राय था मृतक।
जागरण संवाददाता, दुमका। दुमका-रामपुरहाट रेलखंड पर मंगलवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। शिकारीपाड़ा के अंबाजोड़ा स्टेशन के पास मोबाइल में खोए एक 15 वर्षीय छात्र की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छात्र मोबाइल चलाने में इतना मशगूल था कि उसे काल बनकर आ रही ट्रेन की न तो आहट मिली और न ही हॉर्न सुनाई दिया।
मोबाइल बना मौत का कारण
मृतक प्रभु राय स्थानीय हाई स्कूल में 10वीं कक्षा का छात्र था। वह रोज की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था। आमतौर पर वह बाजार की तरफ जाता था, लेकिन आज मोबाइल देखते-देखते वह रेल पटरी की ओर चला गया।
बताया जा रहा है कि सामने से ट्रेन आ रही थी और लोको पायलट ने लगातार हॉर्न भी दिया, लेकिन छात्र का पूरा ध्यान मोबाइल स्क्रीन पर था। ट्रेन की चपेट में आने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही पिता शिवपूजन राय और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जवान बेटे का क्षत-विक्षत शव देख परिजनों में कोहराम मच गया। पिता ने बताया कि उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि मोबाइल की यह आदत आज उनके घर का चिराग बुझा देगी।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही रेल पुलिस और शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित लकड़ा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
खबरें और भी
हादसे की मुख्य बातें
- मृतक की पहचान: शिकारीपाड़ा मुख्य बाजार के दुकानदार शिवपूजन राय का पुत्र प्रभु राय (15 वर्ष)।
- घटनास्थल: दुमका-रामपुरहाट रेलखंड, अंबाजोड़ा-शिकारीपाड़ा स्टेशन के बीच।
- वजह: मॉर्निंग वॉक के दौरान पटरी पर चलते हुए मोबाइल का इस्तेमाल करना।
यह भी पढ़ें- हीटवेव पर सीएम सोरेन सख्त: पानी-बिजली में कोताही बर्दाश्त नहीं, ऑफिस छोड़ जमीन पर उतरें अधिकारी; सभी DC को निर्देश