गुरु पूर्णिमा 2026: दुमका रामकृष्ण आश्रम में उत्सव की तैयारी जोरों पर, जानें मुहूर्त और महत्व
Guru Purnima 2026: आषाढ़ मास की पूर्णिमा पर गुरु पूर्णिमा का पर्व 29 जुलाई, 2026 को दुमका के श्री रामकृष्ण आश्रम में मनाया जाएगा। ...और पढ़ें

गुरु पूर्णिमा 2026: 29 जुलाई को मनाया जाएगा पर्व।
जागरण संवाददाता, दुमका। Guru Purnima आषाढ़ मास की पूर्णिमा पर मनाया जाने वाला गुरु पूर्णिमा का पर्व इस वर्ष 29 जुलाई (बुधवार) को मनाया जाएगा। पंचांग के अनुसार पूर्णिमा तिथि 28 जुलाई शाम 6:18 बजे से प्रारंभ होकर 29 जुलाई रात 8:05 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के आधार पर 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा का व्रत और पूजन किया जाएगा।
श्री रामकृष्ण आश्रम दुधानी की ओर से आश्रम प्रांगण में गुरु पूर्णिमा उत्सव मनाया जाएगा। आश्रम प्रबंधन के प्रमुख स्वामी विश्वरूप महाराज ने सभी भक्तों से इस अनुष्ठान में सपरिवार शामिल होने की अपील की है।
आश्रम की ओर से जारी सूचना के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत सुबह नौ बजे पूजा-पाठ से होगी। यह अनुष्ठान 11 बजे तक चलेगी। इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक हवन का आयोजन होगा।
दोपहर 12:30 से एक बजे तक पुष्पांजलि होगी। जबकि दोपहर 1:15 से शाम चार बजे तक भक्त सेवा का आयोजन किया जाएगा। गुरु पूर्णिमा को सनातन परंपरा में गुरु के प्रति श्रद्धा और आस्था प्रकट करने का पर्व माना जाता है।
सनातन परंपरा में गुरु पूर्णिमा को व्यास पूर्णिमा भी कहा जाता है। यह महर्षि वेदव्यास की जयंती के रूप में मनाई जाती है और गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का पर्व है। इस दिन गुरु, माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद लिया जाता है।
श्रद्धालु प्रातः स्नान कर भगवान विष्णु, महर्षि वेदव्यास और अपने गुरु का पूजन करते हैं, दीप-धूप अर्पित करते हैं, मंत्र जाप, दान और सत्संग करते हैं। मान्यता है कि इस दिन गुरु का आशीर्वाद प्राप्त करने से ज्ञान, विवेक और जीवन में सकारात्मकता का संचार होता है।