विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 30, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हेमंत सोरेन ने दुमका को दी 543 करोड़ की सौगात, झारखंड के सबसे लंबा पुल का किया उद्घाटन; होंगे ये फायदे

By Jagran NewsEdited By: Shashank Shekhar
Published: Mon, 30 Oct 2023 07:56 PM (IST)

सीएम हेमंत सोरेन ने झारखंड के सबसे लंबे पुल का सोमवार को उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 543 करोड़ ...और पढ़ें

हेमंत सोरेन ने दुमका को दी 543 करोड़ की सौगात
हेमंत सोरेन ने दुमका को दी 543 करोड़ की सौगात

HighLights

  1. पश्चिम बंगाल, रांची, जामताड़ा व नाला की दूरी कम हो जाएगी- हेमंत सोरेन
  2. इस पुल का नाम दिशोम गुरु शिबू सोरेन सेतु रखा जाएगा।- हेमंत सोरेन

जागरण संवाददाता, दुमका। सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को दुमका के कुमड़ाबाद में मयूराक्षी नदी पर बनाए गए राज्य का सबसे बड़ा पुल का उद्घाटन किया। साथ ही 543 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार व बनने वाली 21 योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया।

इस दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि इससे आर्थिक विकास की गति तेज होगी। आर्थिक विकास में सुगम आवागमन सुविधा सबसे खास पहलू है। मुंबई, कोलकाता,ओडिशा समेत देश के कई विकसित राज्य व शहरों का तेज विकास इसलिए हुआ है क्योंकि यह समुद्री तट के किनारे बसे हैं।

'बंगाल, रांची, जामताड़ा व नाला की कम होगी दूरी' 

उन्होंने कहा कि दुमका के मयूराक्षी नदी पर 198.11 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार 2.34 किलोमीटर लंबा पुल के बनने से न सिर्फ पश्चिम बंगाल, रांची, जामताड़ा व नाला की दूरी कम हो जाएगी, बल्कि इससे आर्थिक व पर्यटन के क्षेत्र में विकास होगा। दुमका और मसलिया प्रखंड के कई गांवों के ग्रामीणों को भी अब दुमका आने जाने में काफी सहूलियत होगी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इस पुल का नाम दिशोम गुरु शिबू सोरेन सेतु रखा जाएगा। इसके लिए तमाम सरकारी प्रक्रियाएं पूरी कर जल्द ही यहां शिलापट्ट भी लगाया जाएगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री ने मंच पर बतौर विशिष्ट अतिथि कृषि मंत्री बादल पत्रलेख के दिए गए प्रस्ताव के बाद की। राज्य के आंदोलनकारियों को सम्मान देने की हमारी परंपरा रही है।

हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

हेमंत सोरेन ने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। यही वजह है कि राज्य सरकार ने राज्य में आवास से वंचित बेघर तकरीबन 8.50 लाख लोगों को तीन कमरे वाला आबुआ आवास देने का फैसला लिया है। इसके लिए 16 हजार करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है।

उन्होंने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि सरकार आमजनों के लिए निरंतर काम कर रही है। कई महत्वाकांक्षी योजनाओं को धरातल पर उतार कर सरकार लोगों को सशक्त करने का काम कर रही है। जनता की जरूरतों के हिसाब से योजनाएं बनाई जा रही है ताकि सभी वर्ग के लोगों को इसका लाभ मिल सके।

'सर्वजन पेंशन योजना से कई लोगों का हुआ फायदा'

हेमंत सोरेन ने कहा कि सर्वजन पेंशन योजना से सभी योग्य लाभुक जिनकी उम्र 60 वर्ष है, साथ ही विधवा तथा विकलांग लोगों को आच्छादित करने का कार्य किया जा रहा है। हरा राशन कार्ड के माध्यम से सभी योग्य लाभुकों को अनाज उपलब्ध करा रही है। धोती-साड़ी योजना के माध्यम से साल में दो बार धोती-साड़ी योग्य लाभुकों को उपलब्ध कराया जा रहा है।

सरकार 'आपके द्वार' के माध्यम से जन-जन तक पहुंच कर समस्याओं का निदान कर रही है। इससे आमजनों का भरोसा सरकार के प्रति बढ़ा है।

पूरे राज्य में तेज गति से विकास हो रहा है।- पत्रलेख

इससे पूर्व बतौर विशिष्ट अतिथि कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में संताल परगना समेत पूरे राज्य में तेज गति से विकास हो रहा है।

उन्होंने कहा कि बीते तीन सालों में पथ निर्माण विभाग की ओर से स्वीकृत तीन हजार 85 करोड़ रुपये की स्वीकृत योजनाओं में अकेले 865 करोड़ रुपये की योजनाएं दुमका जिले में स्वीकृत की गई है। इतना ही नहीं, संताल परगना से रांची व पश्चिम बंगाल की दूरी कम करने के लिए मुख्यमंत्री ने निरसा के निकट वीर वेदिया में 280 करोड़ रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल निर्माण की स्वीकृत दी है।

इसी क्रम में बादल ने कुमड़ाबाद में बनाए गए उच्चस्तरीय पुल का नाम दिशोम गुरु शिबू सोरेन सेतु रखने का प्रस्ताव भी दिया। कहा कि शिबू सोरेन के संघर्षों का परिणाम अलग झारखंड है। उनकी वजह से झारखंड के लोगों को झारखंडी होने का एहसास हो सका है।

यह भी पढ़ें: बैंगन, टमाटर ने दिलाई बेरोजगारी से राहत, जेब में नहीं थे पैसे तो बंजर जमीन ने निभाया साथ, अब हर महीने हो रही मोटी कमाई

यह भी पढ़ें: Jharkhand News: पावर बैंक ब्लास्ट में घायल युवक की 15 दिन बाद मौत, फोन चार्ज करने के दौरान हुआ था हादसा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।