Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    संताल में टेक्निकल एजुकेशन को बूस्ट: साहिबगंज में बनेगा इंजीनियरिंग कॉलेज, दुमका को जल्द मिलेगा तारामंडल

    Updated: Wed, 15 Jul 2026 07:38 PM (IST)

    राहुल पुरवार ने संताल परगना में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए क्लस्टर गठन की घोषणा की, जिसमें साहिबगंज में इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना भी शामिल ...और पढ़ें

    झारखंड के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव राहुल पुरवार

    झारखंड के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव राहुल पुरवार

    HighLights

    1. संताल परगना में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने क्लस्टर।

    2. साहिबगंज में इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना की तैयारी।

    3. 2027 से विश्वविद्यालयों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया।

    राजीव, दुमका। झारखंड के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव राहुल पुरवार ने बुधवार को सिदो-कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय में समीक्षा बैठक करने के उपरांत दुमका परिसदन में बातचीत के क्रम में कहा कि संताल परगना में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए क्लस्टर का गठन किया जाएगा। इसमें दुमका और गोड्डा में क्लस्टर का गठन हो चुका है और साहिबगंज में क्लस्टर बनाने की तैयारी है। सरकार की मंशा है कि साहिबगंज में एक इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना निकट भविष्य में की जाएगी।

    राहुल पुरवार ने कहा कि पूरे राज्य में एनईपी के तहत गुणवत्तापूर्ण रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2027 के शुरुआत में ही राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में सृजित रिक्त पदों को भरने के लिए नियुक्ति की प्रक्रियाएं प्रारंभ की जाएगी। इसमें शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मियों की नियुक्तियां विश्वविद्यालय सेवा आयोग के माध्यम से नवसृजित विश्वविद्यालय के परिनियमों के दायरे में किया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि रोजगारपरक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का माहौल तैयार करने में यह नियुक्तियां काफी अहम है। कहा कि छात्रों के हित में सेशन और परीक्षाओं को सही समय पर आयोजित करने के लिए विश्वविद्यालय परिनियम के तहत कैलेंडर तैयार किया जाएगा। नए पाठ्यक्रमों को तैयार करने में खास तौर पर यह ध्यान दिया जाएगा कि

    पाठ्यक्रम न सिर्फ रोजगारपरक हो, बल्कि स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियां व जरूरत को पूरी करती हो। उन्होंने कहा कि अखंड बिहार के समय से ही उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अमूल-चूल परिवर्तन को लेकर गंभीरता से कोई पहल नहीं हो पाई थी जिस पर अब नए सिरे से फोकस किया जा रहा है।

    खबरें और भी

    उन्होंने बताया कि झारखंड में पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए नए पाठ्यक्रमों में शामिल करने की दिशा में विचार किया जा रहा है। कहा कि यह राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विजन में भी शामिल है। राहुल पुरवार कहा कि दुमका में निर्माणाधीन महत्वाकांक्षी तारामंडल अगले एक माह में प्रारंभ हो जाएगा जबकि साइंस सीटी की शुरुआत छह माह में हो जाएगी।

    इससे पूर्व सिदो-कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय में उन्होंने विश्वविद्यालय के अधिकारियों व सभी कॉलेज के प्राचार्याें के साथ बैठक कर चल रही शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की। इसके अलावा विश्वविद्यालय परिसर समेत विभिन्न कॉलेज में प्रस्तावित व निर्माणाधीन आधारभूत संरचनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और कई अहम निर्देश दिए। मौके पर दुमका के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा, उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान समेत मौजूद थे।