Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गढ़वा में गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत, पति समेत ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप

    Updated: Sun, 26 Jul 2026 12:02 PM (IST)

    पलामू जिले के बैदा कला गांव में निकहत परवीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद पिता ने पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करन ...और पढ़ें

    पति, सास पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप। जागरण

    पति, सास पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप। जागरण

    HighLights

    1. निकहत परवीन की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप।

    2. पति, सास पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप।

    संवाद सहयोगी, गढ़वा। गढ़वा जिले के पाटन थाना क्षेत्र के बैदा कला गांव में 26 वर्षीय निकहत परवीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता ने पति, सास समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाते हुए गढ़वा थाना में आवेदन दिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

    गढ़वा थाना क्षेत्र के सीदे खुर्द गांव निवासी लतीफ अंसारी ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री निकहत परवीन की शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे तलाक देने की धमकी देते थे।

    पति लगातार मारपीट कर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था तथा मोबाइल के माध्यम से मायके से रुपये मंगाने का दबाव बनाता था। उन्होंने बताया कि पहले भी दबाव में आकर 25 हजार रुपये भेजे गए थे।

    आवेदन में कहा गया है कि कुछ माह बाद पति ने दो लाख रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर निकहत की हत्या कर देने की धमकी दी गई। आरोप है कि गर्भवती होने के बावजूद उसका समुचित इलाज नहीं कराया गया और तबीयत खराब रहने पर भी उसकी अनदेखी की जाती रही।

    स्वजन के अनुसार, शुक्रवार को निकहत की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद पति व ससुराल वाले उसे मेदिनीनगर के एक निजी क्लीनिक ले गए, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए रांची रेफर कर दिया। रांची ले जाने के दौरान लातेहार के समीप उसकी मौत हो गई।

    मृतका के पिता का आरोप है कि मौत के बाद पति और सास डेढ़ वर्षीय बच्चे को लेकर रास्ते में ही शव छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर मृतका के मायके वाले वहां पहुंचे और उन्होंने शव को लेकर गढ़वा आए। इसके बाद गढ़वा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।

    खबरें और भी

    इधर, सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गढ़वा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। महिला चिकित्सक सहित तीन सदस्यीय चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम किया। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव मृतका के पिता को सौंप दिया। पुलिस आवेदन के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।