गढ़वा में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापामारी, एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक किया सील, 30 हजार का लगाया जुर्माना
खाद्य सुरक्षा विभाग ने गढ़वा में विभिन्न डिस्ट्रीब्यूटरों और प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक सील की ...और पढ़ें

गढ़वा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने औचक निरीक्षण अभियान चलाया। जागरण
HighLights
गढ़वा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने औचक निरीक्षण अभियान चलाया।
अभियान में एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक सील कर जुर्माना लगा।
संवाद सहयोगी, गढ़वा। संयुक्त सचिव, खाद्य सुरक्षा आयुक्त कार्यालय, रांची के निर्देश पर गढ़वा शहर के विभिन्न डिस्ट्रीब्यूटर, होलसेलर एवं रिटेल खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने औचक निरीक्षण अभियान चलाया।
अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीपश्री ने किया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर दो प्रतिष्ठानों से कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक को तत्काल सील कर दिया गया। साथ ही काली मिर्च एवं पनीर का नमूना जांच के लिए लिया गया।
निरीक्षण की शुरुआत चिनियां रोड स्थित रिलायंस रिटेल प्राइवेट लिमिटेड से की गई। यहां सभी खाद्य सामग्री खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अनुरूप पाई गई। इसके बाद सहिजना रोड स्थित ए टू जेड प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया, जहां से काली मिर्च का नमूना जांच के लिए लिया गया। संचालक को एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करने का सख्त निर्देश दिया गया।
इसके बाद सहिजना रोड स्थित हरिओम ट्रेडर्स का निरीक्षण किया गया। यहां प्रतिष्ठान में काफी गंदगी मिली तथा असुरक्षित पनीर पाए जाने पर उसका नमूना जांच के लिए लिया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालक खाद्य लाइसेंस भी प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अभियान के दौरान लक्ष्मी श्री एंटरप्राइजेज में 300 कैरेट एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक बरामद हुई, जिसे तत्काल सील कर दिया गया। इस प्रतिष्ठान पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसके बाद गंगाजल इंटरप्राइजेज, पवन ट्रेडर्स, टंडवा स्थित सक्षम इंटरप्राइजेज तथा श्री शौर्य ए टू जेड का निरीक्षण किया गया। इन प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन संतोषजनक पाया गया। वहीं 172वीं बटालियन सीआरपीएफ कैंटीन का भी निरीक्षण किया गया, जहां सभी खाद्य सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप मिली।
खबरें और भी
निरीक्षण के दौरान दीपश्री ने सभी खाद्य व्यवसायियों को निर्देश दिया कि वे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के प्रविधानों के अनुरूप ही अपने प्रतिष्ठानों का संचालन करें तथा किसी भी प्रकार की एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करें।
उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण टीम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गढ़वा-दो अनिरुद्ध राय, विवेक तिवारी, संतोष कुमार एवं बबलू पांडेय सहित अन्य कर्मी शामिल थे।