पहले रोका, फिर लाठी-डंडों से हमला... गढ़वा में शक के आधार पर दो युवकों को भीड़ ने बेरहमी से पीटा
गढ़वा के बड़गड़ थाना क्षेत्र में मछली पकड़कर लौट रहे दो युवकों को संदिग्ध मानकर उन्मादी भीड़ ने बेरहमी से पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलि ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
मछली पकड़कर लौट रहे दो युवकों को पीटा।
उन्मादी भीड़ ने संदिग्ध मानकर बेरहमी से पिटाई की।
संवाद सूत्र, बड़गड़ (गढ़वा)। बड़गड़ थाना क्षेत्र में संदेह के आधार पर दो युवकों की उन्मादी भीड़ द्वारा बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस एवं संबंधित युवकों के स्वजन की तत्परता से दोनों की जान बच गई। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों का प्राथमिक उपचार भंडरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराने के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बड़गड़ थाना क्षेत्र के उगरा गांव निवासी कुदुस अंसारी के 35 वर्षीय पुत्र खुर्शीद अंसारी तथा अलीहसन अंसारी के 40 वर्षीय पुत्र वसीम अंसारी गढ़वा-लातेहार सीमा पर स्थित मंडल डैम में मछली पकड़ने गए थे। सोमवार की देर शाम घर लौटने के दौरान वे सांगाली गांव पहुंचे।
इसी दौरान भजना गांव के कुछ ग्रामीणों ने उन्हें बाहरी एवं संदिग्ध समझकर रोक लिया। पूछताछ के बाद संदेह के आधार पर ग्रामीणों ने दोनों की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
इधर, देर रात तक दोनों युवक घर नहीं लौटे तो इनके स्वजन चिंतित हो उठे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बड़गड़ थाना पुलिस सक्रिय हुई और इनके स्वजन के साथ मिलकर तलाश अभियान शुरू किया।
तलाशी के दौरान दोनों युवक भंडरिया थाना क्षेत्र के जंगल में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। पुलिस ने तत्काल उन्हें बरामद कर भंडरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। सिर एवं शरीर पर गंभीर चोट होने के कारण दोनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति पर केवल संदेह के आधार पर कानून हाथ में न लें, बल्कि तत्काल पुलिस को सूचना दें।
पक्ष मौखिक सूचना मिलने पर दोनों घायलों को बरामद कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। उन्होंने कहा कि स्वजन अथवा ग्रामीणों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त होने पर मामले की सभी पहलुओं से जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
दीपक कुमार मौर्य, थाना प्रभारी, बड़गड़।