Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गढ़वा में फोरलेन पर सड़क हादसे में युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों का 6 घंटे तक किया चक्काजाम

    Updated: Thu, 02 Apr 2026 12:42 AM (GMT+05:30)

    गढ़वा के रमना में रांची-वाराणसी फोरलेन पर सड़क हादसे में 25 वर्षीय पंकज बियार की मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ साढ़े छह घंटे तक फोरलेन जा ...और पढ़ें

    गढ़वा में फोरलेन पर सड़क हादसे में युवक की मौत

    गढ़वा में फोरलेन पर सड़क हादसे में युवक की मौत

    HighLights

    1. रमना फोरलेन पर सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत।

    2. आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ साढ़े छह घंटे तक जाम किया।

    3. मुआवजे, नौकरी, सर्विस लेन निर्माण की मांग पर अड़े थे।

    संवाद सूत्र, रमना (गढ़वा)। रांची–वाराणसी फोरलेन इकोनॉमिक कॉरिडोर पर रमना-रामगढ़ जंक्शन के समीप बुधवार सुबह 10:30 बजे हुई सड़क दुर्घटना में रमना- झुस्हा निवासी राजा बियार के 25 वर्षीय पुत्र पंकज बियार की मौत हो गई। 

    घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ फोरलेन को जाम कर दिया। जाम के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

    पुलिस को कुछ देर के लिए पीछे हटना पड़ा

    सूचना मिलते ही रमना थाना पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों के आक्रोश के कारण पुलिस को कुछ देर के लिए पीछे हटना पड़ा। मृतक के स्वजन के समर्थन में उग्र ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और फोरलेन के साथ-साथ शहीद भगत सिंह चौक के आसपास भी जाम कर मृतक के स्वजन को 10 लाख रुपये मुआवजा, घटनास्थल पर सर्विस लेन निर्माण तथा एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़े थे। 

    इसी बीच थाना प्रभारी आकाश कुमार पुलिस वाहन से कैदी को लेकर गढ़वा जा रहे थे, लेकिन उक्त वाहन भी जाम में फंस गया। पुलिस जब जाम से निकलने का प्रयास कर रही थी, तभी कुछ लोगों ने पथराव कर दिया।

    पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा

    स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इस घटना में पुलिसकर्मियों और कुछ ग्रामीणों को हल्की चोटें आईं, जबकि पथराव में एक पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। 

    घटना की सूचना पर जाम स्थल पर पहुंचे झामुमो के नेता ताहिर अंसारी, जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी, प्रखंड प्रमुख करुणा सोनी, दीपक प्रताप देव, विधायक प्रतिनिधि रोहित वर्मा,अनुज कुमार चंद्रवंशी, अजीत कुमार सोनी व अशोक पासवान आदि अन्य जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों व स्वजन को समझाकर शांत कराया।

    खबरें और भी

    तत्काल एक लाख रुपये का नगद सहायता

    सीओ विकास पांडेय और पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने तत्काल एक लाख रुपये नगद सहायता, पारिवारिक लाभ योजना का लाभ दिलाने तथा सर्विस लेन निर्माण के लिए पहल करने का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद करीब साढ़े छह घंटे बाद शाम पांच बजे जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका।