गढ़वा में शराब पीने के विवाद में टंडवा के युवक को मारी गोली, गंभीर हालत में रिम्स रांची रेफर
गढ़वा में एक ईंट भट्ठा पर शराब पीने के विवाद में टंडवा निवासी मुन्ना प्रसाद सोनी को गोली मार दी गई। गंभीर हालत में उन्हें गढ़वा सदर अस्पताल से रिम्स र ...और पढ़ें

युवक को मारी गोली ( प्रतीकात्मक तस्वीर )
HighLights
गढ़वा में ईंट भट्ठा पर युवक को गोली मारी।
शराब पीने के विवाद में हुई घटना, जांच जारी।
गंभीर घायल मुन्ना प्रसाद सोनी रिम्स रांची रेफर।
संवाद सहयोगी, गढ़वा। गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत शहर के बीएनटी स्कूल के समीप एक ईंट भट्ठा पर सोमवार की रात करीब साढ़े दस बजे गोली चलने की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की पहचान टंडवा निवासी 35 वर्षीय मुन्ना प्रसाद सोनी, पिता दिलीप प्रसाद सोनी के रूप में हुई है। गोली उसके बाएं पसली के नीचे छाती के हिस्से में लगी है। गंभीर हालत में उसे रात में ही गढ़वा सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया।
शरीर में ही फंसी हुई है गोली
सदर अस्पताल सूत्रों के अनुसार गोली शरीर में ही फंसी हुई है और सदर अस्पताल में उसे नहीं निकाला जा सका। घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया।
घटना के बाद सदर अस्पताल में ही मुन्ना प्रसाद सोनी ने पुलिस को बयान दिया। उसने पुलिस को घटना को अंजाम देने वाले लोगों तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है। हालांकि गढ़वा थाना पुलिस फिलहाल मामले में अधिकृत रूप से कुछ भी बताने से बच रही है।
शराब पीने के विवाद में चली गोली
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा घटना में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
इधर, घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार ईंट भट्ठा पर शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद गोली चलने की घटना हुई। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की जांच जारी है।