झारखंड में हाथियों के झुंड ने मचाया उत्पात, महिला को पटककर किया घायल; फसलें की बर्बाद
गिरिडीह के बिरनी प्रखंड में 25 हाथियों के झुंड ने बुधवार रात जमकर उत्पात मचाया, जिससे दर्जनों किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं। ...और पढ़ें

महिला को पटककर किया घायल
HighLights
बिरनी में 25 हाथियों के झुंड ने मचाया उत्पात।
हाथियों ने महिला को घायल किया, फसलें बर्बाद कीं।
घायल महिला को मुआवजा, फसल नुकसान की भरपाई होगी।
संवाद सहयोगी, बिरनी (गिरिडीह)। 25 हाथियों का झुंड बिरनी प्रखंड अंतर्गत राष्ट्रीय अवार्ड से सम्मानित पंचायत कपिलो के रजमनियां व चानो में बुधवार देर रात करीब 11 बजे को पहुंचा। रातभर हाथियों ने खूब उत्पात मचाया। इस क्रम में दर्जनाधिक किसानों के खेतों में लगी फसलों को नष्ट कर दिया।
गुरुवार सुबह झुंड चानो से निकल कर रजमनियां गांव पहुंचा। जहां सुबह करीब पांच बजे हाथियों के झुंड ने मुन्ना साव की 36 वर्षीय पत्नी आशा देवी को अपनी चपेट लेकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मंच गई। घायल महिला को स्वजन ने इलाज के लिए बिरनी सीएचसी में भर्ती कराया।
इलाज का खर्च और मुआवजा देने की मांग
सीएचसी के सीएचओ दिलीप धाकड़ व उनके सहयोगी ने प्राथमिक उपचार कर उसे उच्चस्तरीय अस्पताल रेफर कर दिया। स्वजन महिला को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज धनबाद ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही वनरक्षी बिरेन्द्र प्रसाद व प्रमुख रामु बैठा, बरहमसिया पंचायत की पूर्व मुखिया गीता देवी के पुत्र झुनझुन राय अस्पताल पहुंच घटना की जानकारी ली। प्रमुख ने दूरभाष पर डीएफओ गिरिडीह पश्चमी अंकित कुमार सिंह व रेंजर अनिल कुमार को सूचना दी। साथ ही घायल महिला को समुचित इलाज का खर्च और मुआवजा देने की मांग की।
खबरें और भी
फसल के नुकसान का मुआवजा दिया जाएगा
डीएफओ ने प्रमुख को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रावधान के तहत घायल महिला समेत किसानों को फसल के नुकसान का मुआवजा दिया जाएगा। हाथियों के झुंड ने रजमनियां जंगल मे शरण लिया है। ग्रामीण भयभीत हैं।