गिरिडीह के भरकट्टा में शराब दुकान पर बवाल: कालाबाजारी का विरोध करने पर युवक का सिर फोड़ा, गर्दन पर रॉड से हमला
Giridih News: भरकट्टा में विदेशी शराब की कालाबाजारी का विरोध करने पर एक युवक बबलू कुमार राम पर जानलेवा हमला हुआ, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

शराब दुकानदार के हमले से घायल बबलू कुमार राम। (फोटो जागरण)
HighLights
भरकट्टा में शराब कालाबाजारी का विरोध करने पर मारपीट।
युवक बबलू राम गंभीर घायल, सिर में लगे तीन टांके।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच शुरू की।
संवाद सहयोगी, बिरनी (गिरिडीह)। झारखंड के गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के भरकट्टा में सरकारी विदेशी शराब दुकान में कालाबाजारी का विरोध करने पर मारपीट कर युवक को घायल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने घायल युवक के आवेदन पर भरकट्टा ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला 19 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6:30 बजे का है। भरकट्टा निवासी 31 वर्षीय बबलू कुमार राम ने ओपी में आवेदन देकर बताया कि वह घर से सामान लेने भरकट्टा बाजार जा रहा था। शराब दुकान के पास काफी भीड़ देखकर उसने इसका कारण पूछा, तो पता चला कि सरकारी दुकान से विदेशी शराब की कालाबाजारी की जा रही है।
आरोप है कि जब उसने दुकान संचालक अभिमन्यु कुमार सिंह उर्फ प्रमोद सिंह, निवासी मनकडीहा, से पूछा कि दुकान बंद है या खुली, तो वह आक्रोशित हो गया। गाली-गलौज का विरोध करने पर रतन सिंह घर से टांगी लेकर आया और उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया।
बबलू के अनुसार, वह जान बचाकर स्कूटी से भागने लगा, तभी प्रमोद सिंह ने लोहे की रॉड से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बिरनी स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद उसे गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसके सिर में तीन टांके लगाए गए। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपितों ने केस करने पर जान से मारकर नदी में फेंक देने की धमकी भी दी है।
दुकान संचालक ने भी दिया आवेदन
वहीं, दुकान संचालक की ओर से भी बबलू राम के खिलाफ आवेदन दिया गया है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि बबलू राम 15-20 अज्ञात लोगों के साथ दुकान पर आया और रंगदारी मांगने लगा। रंगदारी नहीं देने पर गाली-गलौज करते हुए दुकान के अंदर घुस गया और कैश काउंटर से शराब बिक्री के रखे दो लाख रुपये लेकर भाग गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
भरकट्टा ओपी प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। दूसरे पक्ष की ओर से भी आवेदन मिला है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।