गिरिडीह, हजारीबाग व देवघर की योजनाओं की समीक्षा, झारखंड के वित्त मंत्री बोले-अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे लाभ
Jharkhand News: वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने गिरिडीह में हजारीबाग और देवघर के अधिकारियों संग विकास व वाणिज्य कर योजनाओं की समीक्षा की। ...और पढ़ें

गिरिडीह में विकास और कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर। (फोटो जागरण)
जागरण संवाददाता, गिरिडीह। झारखंड सरकार के वित्त, वाणिज्य-कर, योजना व विकास विभाग तथा संसदीय कार्य विभाग के मंत्री राधाकृष्ण किशोर गिरिडीह पहुंचे। यहां नया परिसदन में मंत्री ने गिरिडीह, हजारीबाग और देवघर जिला के अधिकारियों के साथ बैठक की।
मंत्री ने रविवार को हुई बैठक के दौरान वाणिज्य कर, योजना तथा विकास विभाग से संबंधित विस्तृत समीक्षा की। बैठक में राजस्व संग्रह की प्रगति, कर प्रशासन की कार्यप्रणाली, विभागीय उपलब्धियों, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, योजनागत व्यय, लक्ष्य प्राप्ति तथा भावी कार्ययोजना की बिंदुवार समीक्षा की गई।
मंत्री ने अधिकारियों को राज्य सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से पहुंचाने का निर्देश दिया। योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, जवाबदेही तथा सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों को राजस्व संग्रह में निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने, कर प्रशासन को अधिक पारदर्शी व तकनीक आधारित बनाने तथा करदाताओं को बेहतर तथा समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग का प्रगति प्रतिवेदन और उपलब्धियों के बारे में बताया। मंत्री ने विभिन्न योजनाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कहा कि बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए राज्य के समग्र विकास व सुशासन के उद्देश्यों को साकार करें। बैठक के पूर्व उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डा. बिमल कुमार ने मंत्री का स्वागत किया।