विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काश! पत्नी की बात मान लेते... मंत्री सुदिव्य कुमार की मौत पर सिक्योरिटी इंचार्ज का खुलासा, बताया कैसे हुआ निधन

By Gyan JyotiEdited By: Krishna Bahadur Singh Parihar
Published: Sun, 06 Sep 2026 12:50 PM (IST)

झारखंड सरकार के मंत्री और गिरिडीह के विधायक सुदिव्य कुमार सोनू का रविवार सुबह गिरिडीह के मर्सी अस्पताल में निधन ...और पढ़ें

विधायक सुदिव्य कुमार सोनू। फोटो जागरण

विधायक सुदिव्य कुमार सोनू। फोटो जागरण

HighLights

  1. मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का गिरिडीह में निधन।

  2. सीने में दर्द के बाद अस्पताल में अंतिम सांस ली।

  3. सुरक्षा प्रभारी ने मंत्री को न बचा पाने का मलाल जताया।

ज्ञान ज्योति, गिरिडीह। Jharkhand minister death news: झारखंड सरकार के कद्दावर मंत्री और गिरिडीह के विधायक सुदिव्य कुमार सोनू अब हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने रविवार सुबह तीन-चार बजे के बीच गिरिडीह के मर्सी अस्पताल में अंतिम सांस ली।

मंत्री के सुरक्षा प्रभारी विक्रम पासवान ने घटना (Sudivya Kumar death news) के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि शनिवार रात करीब 12 बजे मंत्री को सीने में दर्द की शिकायत हुई। मैडम (मंत्री की पत्नी) ने उन्हें डॉक्टर के पास चलने को कहा, लेकिन उन्होंने गैस की समस्या होने की बात कह अस्पताल जाने से इंकार कर दिया।

रात करीब दो बजे तबीयत अधिक बिगड़ने पर मंत्री ने कहा, गाड़ी निकालो अस्पताल जाना है। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया जाने लगा। रास्ते में उन्हें उल्टी होने लगी। कुछ ही देर में मंत्री को अस्पताल लेकर पहुंच गए।

वहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन उन्हें बचा नहीं सके। बहरहाल, यदि सीने में उठे दर्द को मंत्री ने नजरअंदाज करने के बजाए पत्नी की बात मान तत्काल अस्पताल गए रहते तो मंत्री शायद आज हमारे बीच होते।

पासवान को है नहीं बचा पाने का मलाल

सुरक्षा प्रभारी पासवान को मंत्री को नहीं बचा पाने का मलाल है। नम आंखों और रुंधे गले से उन्होंने कहा कि वह मंत्री के सबसे करीब थे, लेकिन उन्हें वह बचा नहीं सके। नजदीक रहकर भी कुछ नहीं कर पाए।

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर राज सिन्हा ने दी श्रद्धांजलि

झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा रविवार को गिरिडीह स्थित उनके आवास पहुंचे।

उन्होंने दिवंगत मंत्री के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।

राज सिन्हा ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद एवं अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इस दौरान केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सहित कई वरिष्ठजन मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- और बताइए, क्या खबर चल रही.. अब लातेहार में नहीं गूंजेगी ये आवाज, अधूरा रह गया सुदिव्य कुमार का टूरिज्म का सपना