गिरिडीह के सरकारी स्कूलों में एमडीएम ठप होने की कगार पर, चावल और राशि के अभाव में 2.5 लाख बच्चों पर संकट
गिरिडीह के सरकारी स्कूलों में चावल और राशि की कमी के कारण मध्याह्न भोजन योजना बंद होने के कगार पर है, जिससे लगभग ढाई लाख बच्चे प्रभावित हो रहे हैं। ...और पढ़ें

गिरिडीह के सरकारी स्कूलों में एमडीएम ठप होने की कगार पर
HighLights
गिरिडीह में मध्याह्न भोजन चावल और राशि के अभाव में बंद।
ढाई लाख बच्चे दोपहर के भोजन से वंचित, अधिकारों का हनन।
चावल की आपूर्ति शुरू, कुकिंग कॉस्ट पर अनिश्चितता बरकरार।
जागरण संवाददाता, गिरिडीह। जिले के सरकारी विद्यालयों में एक बार फिर मध्याह्न भोजन संचालन पर ग्रहण लगने लगा है। चावल और राशि के अभाव में एमडीएम बंद हाेने के कगार पर पहुंच गया है। कई विद्यालयों में इसका संचालन बंद भी हो गया है। इससे सैकड़ों बच्चे दोपहर भोजन से वंचित हो रहे हैं। यह न केवल बच्चों के अधिकारों का हनन है, बल्कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का घोर उल्लंघन भी है।
ढाई लाख बच्चे होते हैं लाभान्वित
गिरिडीह जिला के 3122 विद्यालयों में मध्याह्न भोजन का संचालन होता है। पूरे जिला में प्रतिदिन दो-ढाई लाख बच्चे मध्याह्न भोजन खाते हैं। मध्य विद्यालय बदडीहा सहित अधिकांश विद्यालयों में मध्याह्न भोजन बंद हो गया है, जबकि शेष विद्यालयों में भी बंद होने के कगार पर पहुंच गया है।
पहली तिमाही का मिला है चावल
मध्याह्न भोजन के लिए विद्यालयों को इस वर्ष अब तक पहली तिमाही अर्थात अप्रैल से जून महीना तक का ही चावल उपलब्ध कराया गया है, जबकि दूसरी तिमाही का पहला महीना बीत चुका है।
राशि का है टोटा
विद्यालयों में न केवल चावल बल्कि राशि का भी अभाव है। विद्यालयों को कुकिंग कॉस्ट की राशि उपलब्ध नहीं कराई गई है। शिक्षकों का कहना है कि चावल और राशि के नहीं रहने से परेशानी होती है। कूकिंग कास्ट की राशि नहीं रहने पर कुछ दिन दुकानों से उधार लेकर भी काम चला लिया जाता है, लेकिन चावल नहीं रहने पर मध्याह्न भोजन मजबूरी में बंद करना पड़ता है।
खबरें और भी
शुरू हुई चावल की आपूर्ति
मध्याह्न भोजन के लिए चावल की आपूर्ति शुरू हो गई है। विभाग के अनुसार बगोदर, बेंगाबाद, धनवार, गावां और तिसरी प्रखंड में चावल की एक-एक खेप पहुंच चुकी है।
विद्यालयों को चावल की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। चावल के अभाव कहीं भी एमडीएम बंद नहीं होगा। कुकिंग कास्ट की राशि कब आएगी, यह नहीं कह सकते हैं।- आशीष कुमार हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक, गिरिडीह