रेलवे के नए एप से टिकट खरीदना हुआ सस्ता, 14 जुलाई तक डिजिटल भुगतान पर मिलेगा डिस्काउंट
Indian Railway Update: रेल प्रशासन ने रेलवन मोबाइल ऐप से अनारक्षित टिकट बुकिंग पर 14 जनवरी 2026 से 14 जुलाई 2026 तक 3% छूट की घोषणा की है। यह छूट यूपी ...और पढ़ें

रेलवन एप से टिकट खरीदना हुआ सस्ता। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
रेलवन ऐप पर अनारक्षित टिकट बुकिंग पर 3% छूट।
छूट 14 जनवरी 2026 से 14 जुलाई 2026 तक प्रभावी।
डिजिटल भुगतान पर सीधी छूट या आर-वॉलेट पर कैशबैक।
जागरण संवाददाता, सरिया (गिरिडीह)। रेल यात्रियों की सुविधा एवं डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेल प्रशासन ने रेलवन मोबाइल एप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुकिंग पर 3 प्रतिशत की छूट देने का निर्णय लिया है। यह विशेष सुविधा 14 जनवरी 2026 से 14 जुलाई 2026 तक प्रभावी रहेगी। यह जानकारी हाजीपुर जोन की मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने दी।
उन्होंने बताया कि रेलवन ऐप पर आर-वॉलेट को छोड़कर उपलब्ध सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों—जैसे यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड एवं नेट बैंकिंग—से अनारक्षित टिकट बुक करने पर यात्रियों को सीधे 3 प्रतिशत की छूट मिलेगी।उन्होंने आगे बताया कि रेलवन ऐप के आर-वॉलेट से अनारक्षित टिकट बुक करने पर यात्रियों को पहले से ही 3 प्रतिशत कैशबैक बोनस की सुविधा दी जा रही है।
इस प्रकार डिजिटल भुगतान करने पर यात्रियों को या तो सीधी छूट अथवा कैशबैक के रूप में लाभ सुनिश्चित किया गया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को डिजिटल माध्यम से टिकट खरीदने के लिए प्रोत्साहित करना तथा नकद लेन-देन को कम करना है। इससे डिजिटल टिकटिंग को व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिलेगा और यात्रियों को अधिक सुविधा प्राप्त होगी।
रेलवन ऐप एक ही मंच पर आरक्षित एवं अनारक्षित टिकटों के साथ-साथ प्लेटफॉर्म टिकट की बुकिंग, ट्रेन की लाइव लोकेशन, पीएनआर स्टेटस, कोच पोजीशन, भोजन बुकिंग, शिकायत/सुझाव, पार्सल ट्रैकिंग जैसी अनेक सुविधाएँ उपलब्ध कराता है।
उल्लेखनीय है कि 14 जनवरी 2026 से अब तक पूर्व मध्य रेल क्षेत्राधिकार में रेलवन मोबाइल एप के माध्यम से 2 लाख से अधिक यात्रियों ने टिकट बुक कर यात्रा प्रारंभ की है, जिससे पूर्व मध्य रेल को 20 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है।