SIR: गोड्डा नगर भवन में स्वयंसेवकों को मिला प्रशिक्षण, डीसी ने शत प्रतिशत पात्र मतदाताओं के पंजीकरण पर दिया जोर
Godda SIR Training: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण हुआ, जिसमें डीसी लोकेश मिश्रा ने 100% पात्र मतदाताओं के पंजीकरण पर ...और पढ़ें

SIR प्रशिक्षण को संबोधित करते गोड्डा के उपायुक्त लोकेश मिश्रा।(फोटो जागरण)
HighLights
स्वयंसेवकों को मतदाता सूची पुनरीक्षण का प्रशिक्षण दिया गया।
डीसी ने शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं के पंजीकरण पर जोर दिया।
त्रुटिरहित, अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना मुख्य उद्देश्य।
संवाददाता, गोड्डा। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर शनिवार को नगर भवन में जिले के स्वयंसेवकों के लिए प्रथम चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने की।
उन्होंने इस दौरान एसआइआर की प्रक्रिया में स्वयंसेवकों को दायित्व बोध कराया। कहा कि एसआइआर का उद्देश्य शत प्रतिशत पात्र मतदाताओं को पंजीकरण सुनिश्चित कराना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम पाली में महागामा अनुमंडल अंतर्गत मेहरमा, महागामा एवं ठाकुरगंगटी प्रखंडों के स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण दिया गया, जबकि द्वितीय पाली में गोड्डा अनुमंडल अंतर्गत बसंतराय, पथरगामा एवं गोड्डा प्रखंड के स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में स्वयंसेवकों की सक्रिय, जिम्मेदार एवं प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करना है, ताकि जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सके तथा त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी मतदाता सूची तैयार हो सके।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती का आधार शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का पंजीकरण है। उन्होंने स्वयंसेवकों से पूरी निष्ठा, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि वे घर-घर जाकर मतदाता सूची के सत्यापन में सहयोग करें तथा नए पात्र मतदाताओं, विशेषकर युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं वंचित वर्गों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक निर्वाचन आयोग एवं आम नागरिकों के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाएंगे। वे अपने-अपने क्षेत्रों में बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ को विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्यों में सहयोग करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआइआर के दौरान नागरिकों से किसी भी प्रकार के दस्तावेज की मांग नहीं की जाएगी। इस संबंध में किसी प्रकार की भ्रांति या अफवाह पर ध्यान न देते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी से मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं सफल होगा। प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची सत्यापन, प्रपत्रों के सही उपयोग, नए मतदाताओं का पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन, त्रुटि सुधार, क्षेत्र भ्रमण की प्रक्रिया, नागरिकों से संवाद स्थापित करने के तरीके तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों की जिज्ञासाओं का समाधान विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा किया गया तथा उन्हें निर्देशित किया गया कि वे निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों एवं समय-सीमा का पालन करते हुए क्षेत्र में कार्य करें और प्रत्येक पात्र नागरिक तक अभियान का लाभ सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों के स्वयंसेवकों के लिए चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है, ताकि सभी स्वयंसेवकों को उनके दायित्वों, कार्यप्रणाली एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की समुचित जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।
खबरें और भी
उन्होंने सभी संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के स्वयंसेवकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा प्रशिक्षण उपरांत उन्हें सौंपे गए कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन कराएं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में गोड्डा एसडीओ वैद्यनाथ उरांव, महागामा एसडीओ आलोक वरण केसरी, जिला परिवहन पदाधिकारी कंचन कुमारी भुदोलिया सहित अन्य पदाधिकारी, निर्वाचन शाखा के कर्मी उपस्थित रहे।