नाबालिग को कॉफी के बहाने बुलाया, नशीला पदार्थ पिलाकर किया गंदा काम; गोड्डा में मतांतरण से इनकार पर फोटो वायरल
Godda News: ठाकुर गंगटी में एक मुस्लिम युवक पर नाबालिग को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म का प्रयास करने और अश्लील फोटो बनाने का आरोप है। ...और पढ़ें

काफी पिलाने के बहाने बुलाकर गोड्डा में नाबालिग के साथ अश्लील हरकत। (एआइ फोटो)
HighLights
नाबालिग को नशीला पदार्थ पिलाकर जबरदस्ती, अश्लील फोटो बनाए।
मतांतरण से इनकार पर इंस्टाग्राम पर तस्वीर वायरल की।
आरोपी मोहम्मद आफताब मंसूर गिरफ्तार, पोक्सो एक्ट में जेल।
संवाद सहयोगी, ठाकुर गंगटी (गोड्डा)। एक मुस्लिम युवक पर नाबालिग को नशे की चीज मिलाकर बेहोशी की हालत में जबरदस्ती करने और अश्लील फोटो तैयार करने का आरोप लगा है। युवक ने नाबालिग पर मतांतरण का दबाव बनाया और इनकार करने पर उसकी तस्वीर इंस्टाग्राम पर वायरल कर दी।
इस मामले में थाना क्षेत्र के कारणटोला गोपालपुर के मोहम्मद आफताब मंसूर के खिलाफ ठाकुर गंगटी थाना में पोक्सो एक्ट और आईटी एक्ट के तहत कांड संख्या 23/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में गोड्डा जेल भेज दिया है।
मिश्र गंगटी गांव की एक नाबालिग की मां ने ठाकुर गंगटी थाना में आवेदन दिया था। आवेदन में बताया गया कि आफताब मंसूर उसकी 17 वर्षीय पुत्री के साथ एक ही कक्षा में पढ़ता था। दोनों की जान पहचान हो गई थी और उनकी बातचीत होती थी। मैट्रिक पास करने के बाद उसकी बेटी गोड्डा पढ़ने गई, जहां आफताब ने उसे कॉफी पीने के लिए बुलाया। जब वह वहां गई, तो उसने कॉफी में कुछ मिलाकर पिलाया, जिसके बाद उसे कुछ याद नहीं रहा।
आवेदिका की मां ने बताया कि आफताब मंसूर ने उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ की और कहा कि यदि वह धर्म परिवर्तन नहीं करेगी, तो उसकी फोटो इंटरनेट मीडिया पर डालकर उसे बदनाम कर देगा। आरोपी ने उसकी बेटी की इच्छा के खिलाफ उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास भी किया।
तीन जुलाई को आरोपी ने उसकी बेटी का एक फोटो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वायरल कर दिया। जब फोटो हटाने के लिए कहा गया, तो उसने धमकी दी कि वह इसे नहीं हटाएगा।
पीड़िता की मां ने बताया कि आरोपी ने फोन कर उनकी बेटी को धमकाया कि जब तक वह जलील होकर नहीं मर जाती, तब तक वह पोस्ट नहीं हटाएगा। इसके अलावा, सोशल मीडिया और मोबाइल के माध्यम से उनकी बेटी को लगातार गालियां और धमकी भरे संदेश भेजे जाते रहे, जिसके कारण मामला दर्ज कराने की आवश्यकता पड़ी।