Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोड्डा-महागामा फोरलेन पर भीषण हादसा, ओवरलोड ट्रैक्टर पलटने से दो की मौत, परिवारों में मातम

    Updated: Mon, 20 Jul 2026 06:14 PM (IST)

    Godda Road Accident: गोड्डा-महागामा फोरलेन पर ककना गांव के पास छड़ लदा ट्रैक्टर पलटने से चालक और एक मजदूर की मौके पर मौत हो गई। ...और पढ़ें

    गोड्डा-महागामा फोरेलन पर सड़क दुर्घटना के बाद जुटे लोग। (फोटो जागरण)

    गोड्डा-महागामा फोरेलन पर सड़क दुर्घटना के बाद जुटे लोग। (फोटो जागरण)

    HighLights

    1. गोड्डा-महागामा फोरलेन पर ककना गांव के पास ट्रैक्टर पलटा।

    2. हादसे में चालक सुनील महतो और मजदूर निवास बाउरी की मौत।

    3. ओवरलोड और तेज रफ्तार के कारण हुआ यह दर्दनाक हादसा।

    संवाददाता, गोड्डा। गोड्डा- महागामा एनएच 133 फोरलेन हाइवे पर ककना गांव के निकट छड़ लदा ट्रैक्टर पलटने से चालक सहित दो लोगों की घटनास्थल पर मौत हो गई। मृतकों में चालक सुनील महतो और मजदूर निवास बाउरी शामिल हैं।

    चालक सुनील महतो (40 वर्ष) पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के कठौन गांव के खर्रा टोला के निवासी थे। वहीं मजदूर निवास बाउरी (32 वर्ष) सदर प्रखंड के पांडुबथान के रहने वाले थे। निवास बाउरी ट्रैक्टर पर लदी छड़ों के ढेर पर बैठा था।

    जानकारी के अनुसार, छड़ लदा ट्रैक्टर गोड्डा से छड़ लेकर पथरगामा की ओर जा रहा था। तभी ककना गांव के समीप फोरलेन हाईवे पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक और मजदूर दोनों की दबकर घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

    स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रैक्टर काफी तेज रफ्तार से पथरगामा की ओर जा रहा था। साथ ही, ट्रैक्टर के डाले पर क्षमता से अधिक छड़ लदी हुई थी। ओवरलोड होने के कारण ट्रैक्टर और डाले को जोड़ने वाली कड़ी (हिच) टूट गई, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। उसके नीचे दबने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

    हादसे में तीन अन्य मजदूर भी घायल हुए, जो घटनास्थल से चले गए। स्थानीय लोगों ने बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटे ट्रैक्टर के इंजन को हटवाया, जिसके बाद दोनों शवों को बाहर निकाला गया। फिर एंबुलेंस से शवों को सदर अस्पताल भेजा गया।

    हालांकि घटनास्थल पर काफी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी ट्रैक्टर को हटाने का प्रयास नहीं किया। फलस्वरूप चालक और मजदूर लगभग आधे घंटे तक ट्रैक्टर के नीचे दबे रहे।

    कठौन गांव का ही ट्रैक्टर मालिक

    जानकारी के अनुसार वाहन का मालिक कठौन गांव का इशाक अंसारी है। सुनील कई सालों से इशाक के वाहन को चला रहा था। छड़ का उठाव शहर के पोस्टटमार्टम रोड के सोनु ट्रेडर्स के यहां से किया गया था। छड़ लादकर पथरगामा ले जा रहा था। तभी हादसे में दोनो की जान चली गई।

    खबरें और भी

    दो परिवारों का छीन गया सहारा 

    इस हादसे ने दो परिवारों का सहारा छीन लिया। चालक सुनील महतो के निधन से उनके दो बेटों के सिर से पिता का साया उठ गया। वहीं मजदूर निवास बाउरी की मौत से उनकी दो बेटियां पिता के स्नेह से हमेशा के लिए वंचित हो गईं।

    सदर अस्पताल में दोनों परिवारों की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल था। कोई अस्पताल के गेट पर सिर पटककर विलाप कर रहा था तो कोई सीढ़ियों पर बैठकर फूट-फूटकर रो रहा था। पूरे अस्पताल परिसर में मातम और गमगीन माहौल पसरा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों के कई सदस्य सदर अस्पताल पहुंच गए थे।