गुमला में हथियारबंद लोगों की गुंडागर्दी, पाइपलाइन बिछाने का काम रोका, थाने में FIR दर्ज
चैनपुर, गुमला में पेयजल योजना के पाइपलाइन बिछाने का काम देर रात हथियारबंद लोगों ने जबरन रुकवा दिया। ...और पढ़ें
HighLights
चैनपुर में जलापूर्ति योजना का पाइपलाइन कार्य रोका गया।
5-6 हथियारबंद लोगों ने मजदूरों को काम बंद करने को कहा।
इंजीनियर ने चैनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, गुमला। चैनपुर में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, गुमला के तहत संचालित चैनपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की जलापूर्ति योजना के कार्यस्थल पर देर रात 5-6 हथियारबंद लोगों ने पहुंचकर पाइपलाइन बिछाने का काम जबरन बंद करा दिया।
घटना के बाद मजदूरों और इंजीनियरों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार चैनपुर बस स्टैंड के समीप मुख्य बाजार मार्ग पर नल-जल योजना के तहत रात में पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा था।
इसी दौरान कुल्हाड़ी, टांगी, लाठी और अन्य हथियारों से लैस कुछ लोग वहां पहुंचे और मजदूरों तथा जेसीबी ऑपरेटर को काम बंद कर तत्काल वहां से चले जाने की धमकी दी। कार्यस्थल पर मौजूद इंजीनियर द्वारा कारण पूछने पर उपद्रवियों ने गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
स्थिति को देखते हुए इंजीनियर ने मजदूरों और मशीनों को वापस भेज दिया, जिससे पाइपलाइन का कार्य बीच में ही रोकना पड़ा। कार्य बंद होने से सड़क पर खुदाई की मिट्टी और पाइप खुले पड़े हैं, जिससे मुख्य मार्ग पर दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
घटना के संबंध में कार्य निष्पादन एजेंसी एमएस आलोक कुमार सिंह के जूनियर इंजीनियर अमन कुमार ने चैनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।