Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप 2026: गुमला में छात्राओं को हर साल मिलेगी ₹30,000 की छात्रवृत्ति, 10 अगस्त से करें आवेदन

    Updated: Wed, 29 Jul 2026 09:50 AM (IST)

    गुमला जिला प्रशासन ने छात्राओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने के लिए अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप हेतु व्यापक जागरूकता अभियान चलाया है। ...और पढ़ें

    अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप

    अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप

    HighLights

    1. गुमला में छात्राओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने का अभियान।

    2. अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप के तहत ₹30,000 प्रतिवर्ष मिलेंगे।

    3. 10 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन।

    जागरण संवाददाता, गुमला। जिले की अधिक से अधिक छात्राओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप के लिए व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है। यह छात्रवृत्ति योजना झारखंड सहित देश के 20 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में संचालित की जा रही है। 

    प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले की कोई भी पात्र छात्रा जानकारी के अभाव या आवेदन संबंधी त्रुटियों के कारण इस अवसर से वंचित न रह जाए। पिछले वर्ष जिला प्रशासन के सहयोग से जिले के सभी महाविद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) और प्लस-टू विद्यालयों के माध्यम से बड़ी संख्या में पात्र छात्राओं तक योजना की जानकारी पहुंचाई गई थी। 

    आवेदन प्रक्रिया होगी प्रभावी और व्यवस्थित

    इसके परिणामस्वरूप कई छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ मिला। हालांकि समीक्षा में यह सामने आया कि कुछ छात्राओं के आवेदन पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज सही तरीके से ऑनलाइन अपलोड नहीं होने के कारण उनका चयन नहीं हो सका।

    इसी अनुभव को देखते हुए शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए आवेदन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत जिले के सभी महाविद्यालयों, शिक्षा विभाग, प्रखंड प्रशासन, संबंधित विभागों और सहयोगी संस्थाओं के समन्वय से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा तथा पात्र छात्राओं को आवेदन भरने में सहायता भी दी जाएगी।

    खबरें और भी

    सरकारी स्कूल की छात्राओं को मिलेगा लाभ

    इस छात्रवृत्ति के लिए वही छात्राएं पात्र होंगी जिन्होंने कक्षा 10 और 12 दोनों सरकारी विद्यालय से नियमित छात्रा के रूप में उत्तीर्ण की हो तथा शैक्षणिक सत्र 2027-28 में किसी मान्यता प्राप्त स्नातक (डिग्री) या डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में नियमित प्रवेश लिया हो।

    योजना के तहत चयनित छात्राओं को 30,000 प्रतिवर्ष की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। यह सहायता प्रथम स्नातक पाठ्यक्रम की पूरी अवधि तक मिलेगी और इसका उपयोग ट्यूशन फीस सहित अन्य शैक्षणिक जरूरतों के लिए किया जा सकेगा।

    10 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन 

    स्कॉलरशिप के प्रथम चरण  के लिए ऑनलाइन आवेदन 10 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक किए जा सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। पात्र छात्राओं से किसी भी प्रकार के प्रलोभन या दलालों के झांसे में नहीं आने की अपील की गई है। आवेदन आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं किया जा सकता है।

    उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने जिले के सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों, प्रखंड प्रशासन, शिक्षा विभाग, जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों से पात्र छात्राओं की पहचान कर उन्हें आवेदन प्रक्रिया में हरसंभव सहयोग देने की अपील की है, ताकि जिले की प्रत्येक योग्य बेटी उच्च शिक्षा का अपना सपना पूरा कर सके।