विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली फतह कर लौटीं गुमला की बेटियां, शहर में निकली विजय यात्रा

By Santosh KumarEdited By: Piyush Pandey
Published: Mon, 31 Aug 2026 03:55 PM (IST)

गुमला की संत पैट्रिक उच्च विद्यालय की अंडर-17 बालिका फुटबॉल टीम ने 65वीं सुब्रतो कप का राष्ट्रीय खिताब जीतकर शहर का नाम रोशन किया।

निकली विजय यात्रा। (जागरण)

निकली विजय यात्रा। (जागरण)

HighLights

  1. संत पैट्रिक गुमला ने जीता 65वां सुब्रतो कप राष्ट्रीय खिताब।

  2. मिजोरम को 2-0 से हराकर तीसरी बार बनीं राष्ट्रीय चैंपियन।

  3. गुमला में भव्य स्वागत और सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

जागरण संवाददाता, गुमला। 65वीं सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल कप के अंडर-17 बालिका वर्ग का राष्ट्रीय खिताब जीतकर दिल्ली से लौटी संत पैट्रिक उच्च विद्यालय, गुमला की खिलाड़ियों का सोमवार को शहर में भव्य स्वागत किया गया।

नई दिल्ली के डॉ. बीआर आंबेडकर स्टेडियम में 27 अगस्त को खेले गए फाइनल मुकाबले में गुमला की टीम ने मिजोरम की एनसीसी टीम को 2-0 से हराकर तीसरी बार राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया था।

सोमवार को संत पैट्रिक विद्यालय परिसर में विजेता टीम के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो और गुमला विधायक भूषण तिर्की ने राष्ट्रीय विजेता खिलाड़ियों, कोच बिना केरकेट्टा एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

विधायक भूषण तिर्की ने कहा कि गुमला की बेटियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि गुमला वास्तव में खेल नगरी है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने न केवल जिले, बल्कि पूरे झारखंड को गौरवान्वित किया है।

gumla girls news

उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और मेहनत से ही इस सफलता को आगे भी बरकरार रखा जा सकता है।  उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने कहा कि यह उपलब्धि केवल गुमला की नहीं, बल्कि पूरे झारखंड की उपलब्धि है।

खिलाड़ियों ने प्रखंड से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि सफलता के पीछे खिलाड़ियों की मेहनत के साथ प्रशिक्षकों, विद्यालय परिवार और अभिभावकों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। जिला प्रशासन खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

गाजे-बाजे के साथ निकली यात्रा

सम्मान समारोह के बाद गाजे-बाजे के साथ विजेता टीम की विजय यात्रा निकाली गई। विद्यालय परिसर से शुरू हुआ विजय जुलूस टावर चौक और पटेल चौक होते हुए इनडोर स्टेडियम पहुंचा।

रास्ते भर लोगों ने राष्ट्रीय चैंपियन खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया। जगह-जगह खिलाड़ियों के सम्मान में लोगों का उत्साह देखने को मिला।

समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खालको, जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां, जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार, संत पैट्रिक विद्यालय के प्राचार्य फादर नाबोर मिंज सहित शिक्षक, प्रशिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अन्य लोग उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- सुब्रतो कप जीतकर गुमला की बेटियों ने बढ़ाया मान, टीम को मिलेगा 5 लाख का इनाम; कोच और गोलकीपर भी होंगे सम्मानित