Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गुमला में किताब दुकान में लगी भीषण आग, आठ लाख की संपत्ति जलकर राख; लोगों ने शटर तोड़कर बचाई अपनी जान

    By Santosh KumarEdited By: Mansi Kumari
    Updated: Sun, 02 Aug 2026 12:11 PM (IST)

    गुमला के पालकोट रोड स्थित विद्यासागर बुक डिपो में रविवार सुबह शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई, जिससे लगभग आठ लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दुकान स ...और पढ़ें

    गुमला के विद्यासागर बुक डिपो में भीषण आग लगी। जागरण

    गुमला के विद्यासागर बुक डिपो में भीषण आग लगी। जागरण

    HighLights

    1. गुमला के विद्यासागर बुक डिपो में भीषण आग लगी।

    2. शॉर्ट सर्किट से लगभग आठ लाख का सामान जलकर राख।

    जागरण संवाददाता, गुमला। शहर के पालकोट रोड स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के सामने रविवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्यासागर बुक डिपो में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक आशंका शार्ट सर्किट से आग लगने की जताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और दुकान में रखा किताब, कापी, स्टेशनरी सहित अन्य सामान धू-धू कर जलने लगा।

    घटना के समय दुकान संचालक श्रवण कुमार अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ ऊपर बने आवास में मौजूद थे। घर से बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता दुकान से होकर था, लेकिन आग फैल जाने के कारण परिवार बाहर नहीं निकल सका। जान बचाने के लिए सभी लोग छत पर चले गए और मदद की गुहार लगाने लगे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

    स्थानीय लोगों ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए दुकान का शटर तोड़ा तथा आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। पीड़ित दुकानदार के अनुसार इस अग्निकांड में लगभग आठ लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

    घटना के बाद स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। लोगों का आरोप है कि सूचना दिए जाने के बावजूद दमकल की गाड़ियां लगभग डेढ़ घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंचीं। यदि दमकल समय पर पहुंच जाती, तो नुकसान काफी कम हो सकता था। देर से पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया और आसपास की दुकानों तक आग फैलने से रोक दिया।

    खबरें और भी

    घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी जुटाई। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रथम दृष्टया शार्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है।

    इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों ने बाजार में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा अग्निशमन सेवा को और अधिक सक्रिय एवं त्वरित बनाने की मांग की है।