पत्नी को JSSC परीक्षा दिलाने गया था पति, लौटा तो टूटा मिला ताला; गुमला में छह लाख के जेवर पर चोरों ने किया हाथ साफ
गुमला के करौंदी गांव में विक्रम कुमार साहू के घर से छह लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकद चोरी हो गए। पीड़ित परिवार जेएसएससी परीक्षा के लिए लोहर ...और पढ़ें

गुमला में विक्रम साहू के घर से छह लाख की चोरी। जागरण
HighLights
गुमला में विक्रम साहू के घर से छह लाख की चोरी।
जेएसएससी परीक्षा देने परिवार लोहरदगा गया था।
संवाद सहयोगी, गुमला। सदर थाना क्षेत्र के करौंदी गांव निवासी विक्रम कुमार साहू उर्फ विक्की के घर में रविवार रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना में करीब छह लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और कुछ नकद की चोरी हुई। मामले को लेकर पीड़ित ने गुमला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, विक्रम के घर में किराये पर रहने वाले बिजली विभाग के जेई सुमन कुमार अपनी पत्नी के इलाज के लिए प्रयागराज गए हुए थे। वहीं, रविवार को विक्रम अपनी पत्नी रानी कुमारी को जेएसएससी परीक्षा दिलाने लोहरदगा गए थे। सोमवार सुबह जब वे घर लौटे तो मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ मिला, लेकिन अंदर के सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे।
घर में प्रवेश करने पर सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चोर घर से एक सोने का हार, एक जोड़ी सोने की चूड़ियां, एक सोने की चेन, चांदी की पायल तथा कुछ नकद रुपये लेकर फरार हो गए। विक्रम ने बताया कि घटना की जानकारी उन्होंने अपने किरायेदार को फोन पर दी।
इस पर किरायेदार ने बताया कि वह अपने कोई जेवर या अन्य कीमती सामान घर में छोड़कर नहीं गए थे। बताते चले कि इसी क्षेत्र से लगभग 500 मीटर की दूरी पर उत्पाद विभाग में कार्यरत सुरक्षा गार्ड हमेश साहू के घर से भी छह लाख रूपये की जेवर व 25 हजार रूपये नकद का चोरी हुआ था। जिसका अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
खबरें और भी
स्थानीय लोगों का कहना है कि करौंदी रथ बगीचा के पास शाम होते ही नशेड़ियों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।