थाने से चंद कदम दूर हुई थी एक करोड़ की लूट, गुमला में ज्वेलरी लूटकांड का खुलासा; कैमूर से तीन आरोपी गिरफ्तार
गुमला पुलिस ने घाघरा में हुए एक करोड़ रुपये से अधिक के ज्वेलरी लूटकांड का पर्दाफाश करते हुए बिहार के कैमूर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तमिलना ...और पढ़ें

बिहार के कैमूर से तीन तमिलनाडु निवासी आरोपी गिरफ्तार। जागरण
HighLights
गुमला पुलिस ने एक करोड़ की ज्वेलरी लूट का किया पर्दाफाश।
बिहार के कैमूर से तीन तमिलनाडु निवासी आरोपी गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, गुमला। जिले के घाघरा में 27 अप्रैल 2026 की शाम हुई एक करोड़ रुपये से अधिक की ज्वेलरी लूटकांड का पर्दाफाश करने की दिशा में गुमला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया शहर में ताबड़तोड़ छापेमारी कर तमिलनाडु निवासी तीन आरोपियों को दबोच लिया। हालांकि कार्रवाई के दौरान गिरोह के दो अन्य सदस्य पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अपराध में इस्तेमाल की गई तीन हाईस्पीड बाइक, कई फर्जी नंबर प्लेट तथा अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर गुमला लाकर कड़ी पूछताछ की जा रही है। पूछताछ से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, लूटे गए करोड़ों रुपये के जेवरात की बरामदगी और अंतरराज्यीय लुटेरा गिरोह के पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। इस कार्रवाई को गुमला पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस अब फरार दोनों बदमाशों को पकड़ने और लूट के माल की बरामदगी के लिए कई राज्यों में अभियान चला रही है। जल्द ही इस सनसनीखेज वारदात से जुड़े और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। संभावना जताई जा रही है गिरोह अंतराज्यीय है। जिसका बड़ा नेटवर्क है।
................................................
थाने से कुछ दूरी पर हुई थी करोड़ों की लूट
27 अप्रैल 2026 की शाम घाघरा थाना से महज कुछ सौ मीटर की दूरी पर स्थित फूटो रोड पर हरिओम गहना घर के संचालक शशांक सोनी अपनी मां के साथ दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की, मां-बेटे को सड़क पर गिरा दिया और शशांक सोनी की कनपटी पर पिस्तौल सटाकर स्कूटी की डिग्गी तथा बैग में रखे करीब एक किलो सोने के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। लूटे गए जेवरात की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई थी।
घटना के बाद घाघरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि वारदात में शामिल अपराधी बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया शहर में किराए के मकान में छिपे हैं। इसके बाद गुमला पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि कार्रवाई के दौरान गिरोह के दो सदस्य फरार हो गए। पुलिस उनसे पूछताछ कर लूटे गए जेवरात की बरामदगी और पूरे अंतरराज्यीय गिरोह के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
इधर इस संबंध में घाघरा थाना के थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने बताया कि मामले पर अभी जांच पड़ताल चल रहा है, बहुत जल्दी ही जानकारी सार्वजनिक करेगी।