विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुमला में सड़क हादसा, दो युवकों की मौत के बाद लोगों ने किया सड़क जाम

Published: Sun, 06 Sep 2026 06:27 PM (IST)

गुमला के सुरसुरिया अम्बोआ में सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।

लोगों ने किया सड़क जाम। (जागरण)

लोगों ने किया सड़क जाम। (जागरण)

HighLights

  1. गुमला में सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत।

  2. बाइक की बालू लदे ट्रैक्टर से सीधी टक्कर हुई।

  3. ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग पर सड़क जाम किया।

संवाद सहयोगी, गुमला। सदर थाना क्षेत्र के अम्बोआ पंचायत अंतर्गत सुरसुरिया अम्बोआ के समीप रविवार शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान गिंडरा महुआटोली निवासी 30 वर्षीय रोहित मुंडा और 25 वर्षीय सुदर मुंडा के रूप में हुई है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने अम्बोआ मुख्य मार्ग को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया।

जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाइक से टैसेरा की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सुरसुरिया के समीप विपरीत दिशा से आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर से बाइक की सीधी टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर एक टोटो से जा टकराई। हादसे में दोनों बाइक सवारों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, टोटो चालक भी घायल हो गया।

ड्राइवर मौके से फरार

दुर्घटना के बाद बालू लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार करने और मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।

सूचना पर प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से तत्काल मृतकों के स्वजन को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटा लिया।

मृतक रोहित मुंडा के पीछे चार पुत्रियां और एक पुत्र हैं। वहीं सुदर मुंडा के एक पुत्र है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

यह भी पढ़ें- गुमला में घर से खेलने निकली तीसरी की छात्रा कुएं में डूबी, चप्पल देखकर ग्रामीणों ने निकाला शव