बारिश ने भरा मौत का गड्ढा, खेलते-खेलते पानी में डूबे दो मासूम; गुमला में पसरा मातम
भरनो के लोंगा गांव में पानी से भरी बाथरूम की टंकी में डूबने से दो स्कूली बच्चों, अरमान अंसारी (9) ...और पढ़ें

बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल। जागरण
HighLights
भरनो के लोंगा गांव में दर्दनाक हादसा।
पानी से भरी टंकी में डूबे दो बच्चे।
संवाद सूत्र, भरनो (गुमला)। भरनो थाना क्षेत्र के लोंगा गांव में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में पानी से भरी बाथरूम की टंकी में डूबने से दो स्कूली बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान लोंगा गांव निवासी अरमान अंसारी (9 वर्ष), पिता असलम अंसारी और जैद अंसारी (5 वर्ष), पिता मिनारूल अंसारी के रूप में हुई है।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। जानकारी के अनुसार, अरमान अंसारी राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय लोंगा में कक्षा तीन और जैद अंसारी कक्षा एक में पढ़ता था। बताया जाता है कि शनिवार को दोनों बच्चे स्कूल नहीं गए थे और घर के आसपास ही खेल रहे थे।
इसी दौरान खेलते-खेलते दोनों बच्चे घर के समीप बनी बाथरूम की टंकी के पास पहुंच गए। बाथरूम की टंकी के लिए गड्ढा खोदकर उसमें ईंट की जोड़ाई का काम शुरू किया गया था, लेकिन टंकी के गड्ढे को खुला छोड़ दिया गया था। लगातार हो रही बारिश के कारण गड्ढा पानी से पूरी तरह भर गया था। खेलने के दौरान दोनों बच्चे पानी से भरे गड्ढे में गिर गए।
पानी अधिक होने के कारण दोनों बच्चे डूब गए और उनकी मौत हो गई। काफी देर तक जब दोनों बच्चे घर के आसपास नजर नहीं आए तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। खोजबीन के दौरान टंकी के पास दोनों बच्चों की चप्पल दिखाई दी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने टंकी के अंदर तलाश की तो दोनों बच्चों के शव पानी में मिले।दोनों मासूमों के शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम छा गया।
