यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 21, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गुमला में डायन बिसाही के आरोप में महिला की धारदार हथियार से हत्या, घर में घुसकर बदमाशों ने दिया मौत को अंजाम
Gumla Crime News गुमला के घाघरा थाना क्षेत्र में डायन बिसाही के आरोप में एक महिला की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 60 वर्षी ...और पढ़ें

HighLights
- चरवाही से लौटकर पति ने कमरे में देखा खून से लथपथ पत्नी का शव
- चार साल पहले भी डायन बिसाही का आरोप लगाकर मृतका के साथ की गई थी मारपीट
- घटना के संबंध में कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं ग्रामीण
संवाद सूत्र, घाघरा, (गुमला)। Gumla Crime News : घाघरा थाना क्षेत्र के डुको गांव में सोमवार को दिन दहाड़े घर में घुसकर 60 वर्षीया महिला सावित्री देवी की अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से सर में वार कर हत्या कर दी। घटना के समय घर में कोई नहीं था।
पति की पड़ी सबसे पहले पत्नी के शव पर नजर
चरवाही से लौटने के बाद मृतक सावित्री का पति सीताराम महतो ने दरवाजा खोल कर घर में प्रवेश किया तो देखा कि उसकी पत्नी खून से लथपथ जमीन पर पड़ी हुई थी। उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद घाघरा थाना की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और घटना के कारणों की जानकारी के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ करने लगी। घटना के संबंध में ग्रामीण कुछ भी बोलने से कतरा रहे थे। दूर से ही नजारा देख रहे हैं।
डायन बिसाही के आरोप में पहले भी हो चुकी है मारपीट
थाना प्रभारी तरुण कुमार के अनुसार सावित्री देवी की हत्या हुई है। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया डायन बिसाही का मामला लग रहा है।
खबरें और भी
दबे जुबान ग्रामीणों का कहना है कि चार साल पहले भी डायन बिसाही का आरोप लगाकर मृतक और उसके पति के साथ मारपीट किया गया था। लेकिन पंचायत स्तर पर ही मामले को रफा दफा कर दिया गया था।
ज्ञात हो कि मृतक महिला के दो बेटे हैं। दोनों परिवार संग बाहर काम करते हैं। एक विवाहित बेटी गांव से थोड़ा दूर में रहती है, जो सूचना मिलने के बाद डुको पहुंची। पुलिस हत्या के कारणों की जांच में जुट गई है।