हजारीबाग में शिवभक्तों को बड़ी सौगात! 27 जुलाई से 20 कोच के साथ चलेंगी सावन स्पेशल ट्रेन
बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले कांवरिया श्रद्धालुओं के लिए 27 जुलाई से सावन स्पेशल ट्रेन का संचालन 20 कोचों के साथ होगा। ओम आरोहणम् संस्था की शेफाली गुप् ...और पढ़ें

सावन स्पेशल ट्रेन 27 जुलाई से होगी शुरू। जागरण
HighLights
सावन स्पेशल ट्रेन 27 जुलाई से होगी शुरू।
ट्रेन में कोचों की संख्या 14 से बढ़कर 20 हुई।
संवाद सूत्र, हजारीबाग। बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए जाने वाले कांवरिया श्रद्धालुओं को इस सावन बड़ी राहत मिली है। ओम आरोहणम् संस्था की संस्थापिका सह भाजपा नेत्री शेफाली गुप्ता के लगातार तीन वर्षों के प्रयासों से रांची-भागलपुर-रांची (वाया हजारीबाग) सावन स्पेशल कांवरिया ट्रेन का संचालन इस वर्ष भी जारी रहेगा।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने इस बार ट्रेन के कोचों की संख्या 14 से बढ़ाकर 20 कर दी है। विशेष ट्रेन का संचालन 27 जुलाई से शुरू होगा।
इस उपलब्धि पर शेफाली गुप्ता ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे प्रशासन एवं रेल अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय लाखों शिवभक्तों की आस्था और सुविधा से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि ओम आरोहणम् संस्था पिछले तीन वर्षों से लगातार रेलवे के समक्ष इस ट्रेन के संचालन की मांग उठाती रही है, ताकि झारखंड, बिहार और आसपास के राज्यों के श्रद्धालुओं को सावन में सुगम रेल सुविधा मिल सके।
उन्होंने बताया कि संस्था ने श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और यात्रा की परेशानियों को देखते हुए ट्रेन में अतिरिक्त कोच जोड़ने का भी अनुरोध किया था। रेलवे ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस वर्ष छह अतिरिक्त कोच जोड़ दिए हैं। इससे यात्रियों को भीड़ से राहत मिलेगी और यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित एवं आरामदायक होगी।
सावन स्पेशल कांवरिया ट्रेन रांची, मुरी, बरकाकना, हजारीबाग, तिलैया, कोडरमा, गया, सुल्तानगंज और भागलपुर सहित प्रमुख स्टेशनों से होकर संचालित होगी। प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को रांची से रवाना होकर मंगलवार की सुबह सुल्तानगंज पहुंचेगी, जबकि भागलपुर से प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को इसका परिचालन होगा। ट्रेन का पहला परिचालन 27 जुलाई से किया जाएगा।
शेफाली गुप्ता ने कहा कि सावन का महीना भगवान भोलेनाथ के भक्तों के लिए विशेष आस्था का पर्व होता है। लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं। ऐसे में विशेष कांवरिया ट्रेन और कोचों की संख्या बढ़ने से श्रद्धालुओं की यात्रा और अधिक सुगम होगी।
खबरें और भी
उन्होंने बताया कि ओम आरोहणम् संस्था ने रेलवे से सावन स्पेशल कांवरिया ट्रेन का स्थायी संचालन सुनिश्चित करने की भी मांग की है, ताकि प्रत्येक वर्ष इसके लिए अलग से पहल नहीं करनी पड़े। इस संबंध में रेलवे प्रशासन से सकारात्मक आश्वासन मिला है।
शेफाली गुप्ता ने विश्वास जताया कि भविष्य में यह सेवा सावन के दौरान नियमित रूप से संचालित होगी और बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को हर वर्ष इसका लाभ मिलेगा।