विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हजारीबाग में आधे घंटे के भीतर दो बड़ी वारदात, सीएससी संचालक का अपहरण कर पांच लाख लूटे

Published: Sat, 07 Nov 2026 08:08 AM (IST)

चरही के लाल बंगला में आधे घंटे के भीतर दो बड़ी वारदातें हुईं। पहले वाहन चोरी के आरोपी की गिरफ्तारी ...और पढ़ें

हजारीबाग में आधे घंटे के भीतर हुईं दो बड़ी आपराधिक घटनाएं।

हजारीबाग में आधे घंटे के भीतर हुईं दो बड़ी आपराधिक घटनाएं।

HighLights

  1. हजारीबाग में आधे घंटे के भीतर हुईं दो बड़ी आपराधिक घटनाएं।

  2. पांच नकाबपोशों ने पिस्टल दिखाकर सीएससी संचालक को उठाया।

संवाद सूत्र, चरही (हजारीबाग)। चरही थाना क्षेत्र के घाटो मार्ग स्थित लाल बंगला शुक्रवार की अहले सुबह अपराध की दो बड़ी घटनाओं से दहल उठा। महज आधे घंटे के अंतराल में हुई इन घटनाओं ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले बोकारो पुलिस ने चरही पुलिस के सहयोग से वाहन चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया।

इसके करीब आधे घंटे बाद पांच नकाबपोश अपराधियों ने सीएससी केंद्र संचालक सुनील कुमार महतो का हथियार के बल पर अपहरण कर लिया और केंद्र में रखे करीब पांच लाख रुपये लूट लिए। अपराधी उन्हें अपने साथ ले गए और करीब दो घंटे बाद करमाबेड़ा जंगल में नदी के पास छोड़कर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे बोकारो पुलिस चरही थाना पुलिस के सहयोग से लाल बंगला स्थित गुप्ता जी के घर पहुंची। लोकेशन के आधार पर वहां किराये पर रह रहे कबीर रवानी (पिता भरत रवानी) को गिरफ्तार किया गया। वह बोकारो जिले के आईईएल थाना कांड संख्या 33/26 का आरोपित बताया जाता है। गिरफ्तारी के बाद बोकारो पुलिस उसे अपने साथ ले गई।

पिस्टल दिखाकर सोते समय उठाया

इस कार्रवाई के करीब आधे घंटे बाद पांच नकाबपोश अपराधियों ने उसी घर के सामने स्थित सीएससी केंद्र के संचालक सुनील कुमार महतो (पिता नागेश्वर महतो) को सोते समय हथियार के बल पर उठा लिया। सुनील के अनुसार, अपराधियों ने पिस्टल का भय दिखाकर केंद्र में रखे करीब पांच लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद उन्हें अपने साथ लेकर चले गए।

सुबह करीब साढ़े पांच बजे अपराधियों ने उन्हें करमाबेड़ा जंगल में नदी के पास छोड़ दिया। किसी तरह वहां से निकलकर सुनील चरही थाना पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी।

तीन लोगों पर जताया संदेह

सुनील महतो ने अपने आवेदन में धनीराम सोरेन उर्फ नेपाली, रितु देवी और किरण देवी पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि सभी अपराधियों ने चेहरे पर नकाब पहन रखा था। भुक्तभोगी ने आरोप लगाया है कि उक्त महिलाओं में से एक रांची में रहकर अपने सहयोगियों के माध्यम से आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिलवाती है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस की ओर से पुष्टि नहीं की गई है।

डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही चरही थाना प्रभारी अजीत कुमार ने वरीय अधिकारियों को जानकारी दी। शुक्रवार शाम करीब चार बजे विष्णुगढ़ एसडीपीओ फौजन अहमद थाना प्रभारी और डॉग स्क्वायड की टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने भुक्तभोगी से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।

जुआ अड्डों की गतिविधियां भी जांच के दायरे में

स्थानीय स्तर पर लाल बंगला और आसपास के क्षेत्रों में जुआ अड्डों के संचालन की भी चर्चा है। लगातार आपराधिक घटनाओं को देखते हुए पुलिस इन गतिविधियों और संभावित आपराधिक नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है। एक ही सुबह आधे घंटे के भीतर वाहन चोरी के आरोपी की गिरफ्तारी और सीएससी संचालक के अपहरण व लूट की घटना से इलाके में दहशत है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है या नहीं। 

यह भी पढ़ें- रांची से 80 लाख की शराब से लदा ट्रक गायब, चौपारण में मिला खाली; अंदर पड़ा था चालक का शव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।