Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हजारीबाग: 13 माइल गोलीकांड में प्रिंस खान गिरोह का संदिग्ध गिरफ्तार, मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 06:49 AM (IST)

    बड़कागांव के 13 माइल गोलीकांड में प्रिंस खान गिरोह के संदिग्ध अंकित पांडेय को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। उसके पास से हथियार और धमकी भरे पर ...और पढ़ें

    बड़कागांव के 13 माइल गोलीकांड में प्रिंस खान गिरोह के संदिग्ध अंकित पांडेय को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया।

    बड़कागांव के 13 माइल गोलीकांड में प्रिंस खान गिरोह के संदिग्ध अंकित पांडेय को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया।

    HighLights

    1. प्रिंस खान गिरोह के संदिग्ध अंकित पांडेय की गिरफ्तारी।

    2. पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली।

    3. घटनास्थल से हथियार, बम और धमकी भरे पर्चे बरामद।

    जागरण संवाददाता, बड़कागांव (हजारीबाग)। बड़कागांव हजारीबाग मार्ग के 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर 25 जुलाई की रात दो हाइवा वाहनों पर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने घटना में संदिग्ध भूमिका पाए जाने पर पिपराडीह निवासी अंकित कुमार पांडेय को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसके मोबाइल फोन की जांच में टेलीग्राम एप के माध्यम से गैंगस्टर प्रिंस खान एवं उसके गिरोह के सदस्यों से चैट किए जाने की बात सामने आई।

    पूछताछ में गोलीबारी में शामिल होने की बात स्वीकारने का दावा

    पुलिस के अनुसार, पूछताछ के क्रम में अंकित कुमार पांडेय ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि प्रिंस खान के निर्देश पर 25 जुलाई की रात अपने अन्य साथियों के साथ बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल स्थित ट्रांसपोर्ट रोड में गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद प्रिंस खान गिरोह (K.S.S.) के नाम से धमकी भरा पर्चा छोड़ने की बात भी उसने बताई।

    बंद गैस प्लांट में छिपाकर रखे थे हथियार व बम

    पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया कि घटना में प्रयुक्त हथियार और बम पिपराडीह गांव के समीप स्थित लंबे समय से बंद पड़े गैस प्लांट में छिपाकर रखे गए हैं। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम उसे लेकर हथियार और बम बरामद करने के लिए वहां पहुंची।

    बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश

    पुलिस के अनुसार, बरामदगी के दौरान अंकित पांडेय ने अचानक एक पुलिस जवान को धक्का दिया और बरामद देसी पिस्तौल से पुलिस बल को निशाना बनाकर गोली चला दी। इसके बाद वह भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अंकित कुमार पांडेय के पैर में गोली लगी। गोली लगने के बाद वह मौके पर गिर पड़ा, जिसे पुलिस जवानों ने पकड़ लिया।

    खबरें और भी

    प्राथमिक उपचार के बाद हजारीबाग रेफर

    घायल आरोपी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कागांव ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल हजारीबाग रेफर कर दिया।

    मुठभेड़ स्थल से हथियार, बम और धमकी भरे पर्चे बरामद

    पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी पिस्तौल, 7.62 एमएम का एक खोखा, एक मिसफायर गोली, एक जिंदा गोली, एक देसी बम तथा चार हस्तलिखित धमकी भरे पर्चे बरामद किए हैं। पुलिस बरामद सामग्री की जांच कर रही है।

    13 माइल गोलीकांड में दर्ज है प्राथमिकी

    बताया गया कि 25 जुलाई 2026 को 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर दो हाइवा वाहनों पर गोलीबारी की घटना के संबंध में बड़कागांव थाना कांड संख्या 133/26 दर्ज किया गया था। पुलिस अब इस मामले में आरोपी के अन्य साथियों और गिरोह से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।