हजारीबाग में स्कूल छोड़कर दोस्तों के साथ नदी किनारे रील बनाने गया छात्र डूबा, दूसरा गंभीर
हजारीबाग में डीएवी स्कूल का नौवीं कक्षा का छात्र हिमांशु राज बेलवा नदी में रील बनाते समय डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। उसे बचाने की कोशिश में उसका एक ...और पढ़ें

हजारीबाग के डीएवी पब्लिक स्कूल का नौवीं कक्षा का छात्र बुधवार को बेलवा नदी में डूब गया।
HighLights
रील बनाते समय पैर फिसलने से हुआ हादसा।
एक साथी बचाने के प्रयास में गंभीर घायल।
संवाद सूत्र, हजारीबाग। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कनहरी हिल के पीछे स्थित बेलवा नदी में बुधवार को हादसा हो गया। स्कूल जाने के लिए घर से निकला डीएवी पब्लिक स्कूल की नौवीं कक्षा का छात्र हिमांशु राज (15) नदी में डूब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, उसे बचाने की कोशिश में उतरा उसका एक अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घर से स्कूल के लिए निकला था हिमांशु
मृतक की पहचान पसई गांव (कटकमदाग) निवासी और कोडरमा के चंदवारा थाना में पदस्थापित पुलिसकर्मी धर्मेंद्र कुमार के छोटे पुत्र हिमांशु राज के रूप में हुई है।
हिमांशु वर्तमान में अपने परिवार के साथ नूतन नगर में रहकर पढ़ाई कर रहा था और प्रतिदिन निजी वैन से स्कूल आता-जाता था। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 7:45 बजे हिमांशु स्कूल के लिए घर से निकला था।
विद्यालय के मुख्य द्वार पर पहुंचने के बाद वह पढ़ाई छोड़कर अपने पांच अन्य दोस्तों के साथ कनहरी हिल के पीछे जगदीशपुर मार्ग स्थित बेलवा नदी की ओर चला गया।
रील बनाने के दौरान फिसला पैर
डीएवी स्कूल के प्राचार्य डॉ. रजनीश कुमार ने बताया कि हिमांशु बुधवार को विद्यालय में उपस्थित नहीं हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्चे नदी किनारे पत्थरों पर मोबाइल से रील बना रहे थे।
इसी दौरान हिमांशु का पैर फिसल गया और वह सीधे गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख उसे बचाने के लिए एक साथी नदी में कूद पड़ा, लेकिन वह भी डूबने लगा। घटना के बाद तीन अन्य बच्चे घबराकर मौके से भाग निकले।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने निकाला बाहर
शोर सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया और तुरंत सदर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने हिमांशु को मृत घोषित कर दिया।
हिमांशु के मामा विनोद कुमार दास ने बताया कि दोपहर करीब 2:39 बजे उन्हें हादसे की सूचना मिली। अस्पताल पहुंचने पर जैसे ही मौत की खबर मिली, परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
इस दुखद घटना के बाद जहां मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं डीएवी स्कूल प्रशासन और पूरे छात्र समुदाय में गहरे शोक की लहर है।