हजारीबाग ट्रिपल मर्डर: इरफान अंसारी के समर्थक मीडिया के सवाल पर भड़के, पत्रकारों की पिटाई का वीडियो वायरल
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी हजारीबाग में तिहरे हत्याकांड की जानकारी लेने पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक को त्वरित जांच के निर्देश दिए। ...और पढ़ें
HighLights
बड़ी बेरहमी के साथ की गई हत्या : इरफान अंसारी
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पहुंचे हजारीबाग
पीड़ित परिवार से की मुलाकात, जांच टीम गठित
संवाद सहयोगी, हजारीबाग। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी हजारीबाग में तीन लोगों की संदिग्ध हत्या की जानकारी लेने के लिए मंगलवार की सुबह पहुंचे, जहां उन्होंने जिले के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार से वार्ता कर जल्द से जल्द पूरे मामले का उद्भेदन करने का निर्देश दिया है। मंत्री ने कहा कि बहुत ही बेहरमी के साथ हत्या की गई है। मंत्री ने बताया कि इस घटना को लेकर जांच टीम गठित की गई है।
जिला प्रशासन को मामले को लेकर जांच में किसी तरह का कोताही ना करें। इसमें जो भी व्यक्ति शामिल है, उसे सजा मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। बहुत जल्द प्रशासन खुलासा करेगा। बता दें कि विगत सोमवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र पोता जंगल स्थित दनदाहा नदी से तीन शव बरामद किए गए थे।
मृतकों की पहचान कटकमदाग थाना क्षेत्र के सुल्ताना पंचायत के सलगा गांव निवासी 25 वर्षीय मो. आदिल, पिता मो. शमीम, लोहसिंघना थाना क्षेत्र के मंडईकलां के कोलघट्टी निवासी 19 वर्षीया शानिया परवीन पिता मो. कमाल और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पौता गांव निवासी 21 वर्षीय खुशी परवीन उर्फ वसीफा नाज पिता वाशिद अली के तौर पर की गई थी। तीनों पिछले कई दिनों से लापता थे, जिनकी तलाश स्वजन लगातार कर रहे थे।

(शव का निरीक्षण करने के बाद पोस्टमार्टम हाउस से बाहर निकलते स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी। फोटो जागरण)
शव मिलने के बाद स्वजन और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि तीनों के शरीर पर चोट के निशान हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मंत्री अंसारी ने शेख भिखारी मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचकर तीनों मृतकों के शव का निरीक्षण किया। पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि शव की स्थिति को देखकर मन व्यथित हो गया है। कहा कि मामले की जांच को लेकर मैंने पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिया है।
खबरें और भी
'सच्चाई दबाने की कोशिश की जा रही'
हजारीबाग की इस दुखद घटना में भी सच्चाई को दबाने की कोशिश की जा रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं साफ करना चाहता हूं कि मैं हजारीबाग मृतक परिवार के आंसू पोंछने गया था। वहां पीड़ित परिवार गहरे सदमे में था। मृतक के भाई ने मीडिया से खुद कहा कि उनका परिवार पूरी तरह टूट चुका है और वह इस स्थिति में नहीं हैं कि ज्यादा सवालों का जवाब दे सकें।
इसी दौरान कुछ हल्का-फुल्का विवाद हुआ, जिसके बाद मैं तुरंत वहां से निकल गया। लेकिन उसके बाद मेरा नाम जोड़कर, गलत तरीके से पेश कर, भारतीय जनता पार्टी के लोग असली मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।
यह पूरी तरह निंदनीय है। मैं यह भी स्पष्ट कहना चाहता हूं कि पत्रकार हमारे लोकतंत्र का अभिन्न अंग हैं। मैं जनता को भरोसा दिलाता हूं कि सच्चाई सामने आएगी, दोषियों को सजा मिलेगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाकर ही मैं दम लूंगा। - इंफरान अंसारी, स्वास्थ्य मंत्री, झारखंड
मंत्री के समर्थकों ने पत्रकारों के साथ की हाथापाई
एक युवक व दो युवतियों की हत्या की जानकारी लेने जब राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी हजारीबाग पहुंचे और पत्रकारों से बात की। इस दौरान पत्रकार के एक सवाल पर मंत्री अंसारी के समर्थक भड़क उठे व उनके सामने ही पत्रकारों के साथ बदसलूकी और हाथापाई कर बैठे। बीच-बचाव करने के बजाए मंत्री पूरी घटना को नजरअंदाज कर अपनी गाड़ी में बैठकर निकल गए।
मौके पर पुलिस के पदाधिकारी और जवान भी मौजूद थे। हालांकि, बाद में एसडीओ आदित्य आनंद ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। मारपीट की घटना के कारण एक पत्रकार को उपचार के लिए शेख भिखारी मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
हालांकि प्राथमिक उपचार के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। दूसरी ओर घटना के बाद हजारीबाग के पत्रकारों में इसे लेकर काफी आक्रोश है। मारपीट की इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर अब काफी वायरल हो रहा है।