हजारीबाग में आपसी विवाद को लेकर खूनी खेल! फरसा से युवक की हत्या; महज 2 घंटे में आरोपित गिरफ्तार
हजारीबाग के इचाक थाना क्षेत्र के सिझुवा बिरहोर टोला में आपसी विवाद में 25 वर्षीय सुनील बिरहोर की फरसे से हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते ...और पढ़ें

हजारीबाग के इचाक में आपसी विवाद में हत्या।
HighLights
हजारीबाग के इचाक में आपसी विवाद में हत्या।
25 वर्षीय सुनील बिरहोर की फरसे से हुई मौत।
संवाद सूत्र, हजारीबाग। इचाक थाना क्षेत्र के सिझुवा बिरहोर टोला में बुधवार देर रात आपसी विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान फरसा से किए गए हमले में 25 वर्षीय युवक सुनील बिरहोर की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के महज दो घंटे के भीतर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक की पहचान सिझुवा बिरहोर टोला निवासी सुनील बिरहोर (25), पिता बुधन बिरहोर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात करीब एक बजे गांव में किसी बात को लेकर सुनील बिरहोर और विजय बिरहोर के बीच विवाद हो गया।
देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान विजय बिरहोर, पिता राजकुमार बिरहोर, ने कथित रूप से फरसा से सुनील के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही इचाक थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रात करीब दो बजे छापेमारी कर आरोपित विजय बिरहोर को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया।
खबरें और भी
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि उप प्रमुख सत्येंद्र कुमार और मुखिया रंजीत मेहता भी मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी के साथ जेएसआई नंदकिशोर दास, सुनील शर्मा सहित पुलिस टीम देर रात से ही गांव में कैंप कर स्थिति पर नजर रखे हुए है।
इधर, हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त फरसा भी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गांव में स्थिति सामान्य है और एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी जारी है।