विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मोबाइल चलाते रहे स्टाफ, तड़पकर मर गई प्रसूता', हजारीबाग मेडिकल कॉलेज में भारी बवाल

Published: Sat, 07 Nov 2026 02:44 PM (IST)

हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की मौत पर परिजनों ने जमकर हंगामा ...और पढ़ें

हजारीबाग मेडिकल कॉलेज में भारी बवाल

हजारीबाग मेडिकल कॉलेज में भारी बवाल

HighLights

  1. प्रसव के बाद महिला की मौत पर परिजनों का हंगामा।

  2. चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों पर लापरवाही का गंभीर आरोप।

  3. आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

संवाद सूत्र, हजारीबाग। शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसव कराने आई एक महिला की मौत के बाद शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। मृतका के स्वजनों ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने, गलत इंजेक्शन और दवा देने का आरोप लगाया है। 

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने जिला मोड़ के समीप सड़क जाम कर विरोध जताया। परिजनों का आरोप था कि समय पर इलाज और देखभाल नहीं मिलने के कारण महिला की जान चली गई।

मृतका की पहचान संगीता कुमारी, पति रंजन कुमार दास, निवासी निमाडीह, हेड़ेगाढ़ा, चरही के रूप में हुई है। उसका मायका हजारीबाग के लाखे में है। 

सिजेरियन ऑपरेशन से बच्चे को जन्म दिया

स्वजनों के अनुसार संगीता पांच नवंबर को प्रसव के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची थी। चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर लिया था। छह नवंबर को दोपहर में सिजेरियन ऑपरेशन के माध्यम से उसने एक बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद उसे अस्पताल में ही भर्ती रखा गया था।

परिजनों ने बताया कि देर रात संगीता की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। आरोप है कि इस दौरान उसे इंजेक्शन और कुछ दवाइयां दी गईं। इसके बाद उसकी स्थिति और गंभीर हो गई। 

नर्सों को कई बार मरीज की बिगड़ती हालत की जानकारी दी

स्वजनों का कहना है कि उन्होंने ड्यूटी पर तैनात नर्सों को कई बार मरीज की बिगड़ती हालत की जानकारी देकर देखने का आग्रह किया, लेकिन उनकी शिकायत पर तत्काल ध्यान नहीं दिया गया। परिजनों का आरोप है कि ड्यूटी में तैनात स्वास्थ्यकर्मी मोबाइल में व्यस्त रहे और मरीज को देखने कोई नहीं पहुंचा। इसी दौरान संगीता की मौत हो गई।

महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद सदर विधायक और कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह भी मामले में पहुंचे। इधर, मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने जिला मोड़ को जाम कर दिया, जिससे कुछ देर तक आवागमन प्रभावित रहा।

घटना की सूचना पर सीओ आशुतोष कुमार और सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझाया और मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद जाम हटाया गया। समझाने-बुझाने के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने घर ले गए।

यह भी पढ़ें- हजारीबाग में आधे घंटे के भीतर दो बड़ी वारदात, सीएससी संचालक का अपहरण कर पांच लाख लूटे


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।