Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हजारीबाग: शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज को मिली 100 MBBS सीटों की मंजूरी, 150 पर NMC लेगा जल्द फैसला

    Updated: Thu, 02 Jul 2026 06:05 PM (IST)

    शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज, हजारीबाग को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमबीबीएस की 100 सीटों पर नामांकन की अनुमति नेशनल मेडिकल कमीशन से मिल गई है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज को 100 एमबीबीएस सीटों की अनुमति मिली।

    2. 150 सीटों की वृद्धि का प्रस्ताव एनएमसी के विचाराधीन है।

    3. कॉलेज का पहला एमबीबीएस बैच अगस्त 2025 में पास हुआ।

    रमण कुमार, हजारीबाग। शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमबीबीएस की सौ सीटों पर नामांकन की अनुमति नेशनल मेडिकल कमीशन से मिल गई है। इस आशय का पत्र विगत दिनों अस्पताल प्रबंधन को प्राप्त हुआ है।

    वहीं सीटों की संख्या बढ़ाकर 150 किए जाने के प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय अभी नेशनल मेडिकल कमीशन के विचाराधीन है। हालांकि सौ सीटों पर नामांकन की अनुमति मिल जाने से नए सत्र में मेडिकल शिक्षा शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है, जबकि कॉलेज प्रशासन को उम्मीद है कि जल्द ही सीट वृद्धि को भी स्वीकृति मिल जाएगी।

    बतात चलें कि शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना वर्ष 2019 में 100 एमबीबीएस सीटों के साथ किया गया था। शुरुआती वर्ष में नामांकन की अनुमति मिलने के बाद वर्ष 2020 में कुछ आवश्यक मानकों एवं आधारभूत कमियों के कारण एनएमसी ने नए सत्र के लिए नामांकन की अनुमति नहीं दी थी।

    इसके बाद राज्य सरकार और कॉलेज प्रबंधन ने आधारभूत संरचना, शिक्षकों की नियुक्ति, अस्पताल की सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक संसाधनों को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार कार्य किया। फिर वर्ष 2021 से अब तक कालेज को लगातार सौ सीटों पर नामांकन की अनुमति मिलती आ रही है।

    खबरें और भी

    वहीं कालेज प्रबंधन के अथक प्रयासों का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि अगस्त 2025 में कॉलेज का पहला एमबीबीएस बैच सफलतापूर्वक स्नातक बनकर निकला। इस बैच के कई विद्यार्थियों ने देश के प्रतिष्ठित मेडिकल संस्थानों में स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त कर कॉलेज की शैक्षणिक गुणवत्ता का भी परिचय दिया है।

    100 से बढाकर 150 सीट करने के प्रस्ताव पर विचार जारी

    बता दें कि मेडिकल कालेज में एमबीबीएस सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 150 करने के प्रस्ताव पर भी प्रक्रिया जारी है। इस क्रम में विगत 24 जून को एनएमसी की विशेषज्ञ टीम ने कॉलेज एवं अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया था।

    निरीक्षण के दौरान शिक्षकों की उपलब्धता, अस्पताल में मरीजों की संख्या, चिकित्सा सुविधाएं, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, छात्रावास तथा अन्य शैक्षणिक एवं अधोसंरचनात्मक व्यवस्थाओं का बारीकी से आकलन किया गया था।

    निरीक्षण के उपरांत कॉलेज प्रबंधन आशान्वित है कि एनएमसी का अंतिम निर्णय उनके पक्ष में जाएगा और कालेज को 150 सीटों पर नामांकन की अनुमति मिल जाएगी। जाहिर है इससे हजारीबाग समेत उत्तर छोटानागपुर प्रमंडल के मेडिकल शिक्षा क्षेत्र को बड़ी मजबूती मिलेगी और अधिक छात्रों को स्थानीय स्तर पर एमबीबीएस में प्रवेश का अवसर प्राप्त होगा।