हजारीबाग में जंगली हाथियों का तांडव, स्कूल में सो रहे 30 वर्षीय युवक को कुचलकर मार डाला
हजारीबाग के बरकट्ठा में जंगली हाथियों के झुंड ने प्राथमिक विद्यालय में सो रहे 30 वर्षीय युवक मुकेश गोस्वामी को कुचलकर मार डाला। ...और पढ़ें

HighLights
बरकट्ठा में जंगली हाथियों ने युवक को कुचला।
प्राथमिक विद्यालय में सो रहे मुकेश गोस्वामी की मौत।
वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की।
संवाद सूत्र, बरकट्ठा (हजारीबाग)। गोरहर थाना क्षेत्र के ग्राम बेलकपी जलहिया में सोमवार देर रात करीब 12 बजे जंगली हाथियों के झुंड ने एक युवक को कुचलकर मार डाला। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान जलहिया बंडासिंघा निवासी 30 वर्षीय मुकेश गोस्वामी, पिता स्व. काली गोस्वामी, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मुकेश प्राथमिक विद्यालय जलहिया में सो रहे थे। इसी दौरान जंगली हाथियों का झुंड गांव में घुस आया और विद्यालय पहुंचकर उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हाथियों के झुंड से दूर रहने की अपील
ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों के झुंड ने गांव में उत्पात मचाते हुए काली मंडा परिसर की बाउंड्री को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद ग्रामीण पूरी रात भय के साये में रहे।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों ने मृतक के स्वजन को शीघ्र मुआवजा देने और क्षेत्र में हाथियों के बढ़ते आतंक से निजात दिलाने के लिए स्थायी उपाय करने की मांग की है। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और हाथियों के झुंड से दूर रहने की अपील की है।