विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 14, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

झारखंड में डेंगू का गहराता संक्रमण: बारीडीह में एक 11 साल के बच्‍चे की मौत, अब तक दस की गई जान

By Amit KumarEdited By: Arijita Sen
Published: Thu, 14 Sep 2023 01:54 PM (IST)

झारखंड में डेंगू के मामले बढ़ते जा रहे हैं। पूर्वी सिंहभूम जिले में भी मामला गंभीर होता जा रहा है। ...और पढ़ें

पूर्वी सिंहभूम जिले में डेंगू से एक 11 वर्षीय छात्र की मौत।
पूर्वी सिंहभूम जिले में डेंगू से एक 11 वर्षीय छात्र की मौत।

जासं, जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में डेंगू मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बुधवार को टाटा मोटर्स अस्पताल में बारीडीह निवासी 11 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। हालांकि, मौत कैसे हुई इसकी जांच-पड़ताल अभी चल रही है।

बच्‍चे में थे डेंगू के कई लक्षण 

जिला सर्विलांस विभाग ने मृतक का नमूना लेकर जांच के लिए एमजीएम मेडिकल काॅलेज भेज दिया है। रिपोर्ट 48 घंटे के अंदर मिलेगी। इसके बाद ही मौत के स्पष्ट कारण का पता चल सकेगा।

वहीं, इलाज कर रहे चिकित्सकों का कहना है कि बच्चे में डेंगू के कई लक्षण मौजूद थे, जिसके आधार पर उसका इलाज चल रहा था। मृतक बारीडीह निवासी था। वह जमशेदपुर पब्लिक स्कूल में कक्षा सातवीं का छात्र था। बीते तीन-चार दिनों से उसे बुखार सहित कुछ अन्‍य दिक्‍कतें भी थीं।

डेंगू की चपेट में आकर जान गंवा रहे लोग

बुधवार को उसकी तबीयत ज्यादा खराब हुई, तो अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया। बुधवार को बच्चे की मौत से पूर्व ही उसका नमूना जांच के लिए लिया गया था। इसके कुछ ही देर के बाद उसकी मौत हो गई।

मालूम हो कि जमशेदपुर व उसके आस-पास के क्षेत्रों में अब तक कुल 10 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें पूर्वी सिंहभूम जिले के आठ व आदित्यपुर क्षेत्र के दो मृतक शामिल हैं।

हालांकि, स्वास्थ्य विभाग के अनुसार डेंगू से अभी तक पांच मरीजों की ही मौत हुई है, जबकि पांच की एलीजा जांच नहीं हो सकी, जिसके कारण उन्हें संदिग्ध माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें: झारखंड में डेंगू का प्रकोप: इलाज की कमी से मर रहे लोग, स्‍वास्‍थ्‍य विभाग ने झाड़ा पल्‍ला; कहा- यह आपकी गलती

डेंगू के पांच नए मरीज मिले, 82 हुए स्वस्थ

जिले में बुधवार को डेंगू के पांच नए मरीज मिले। इन सभी का इलाज शहर के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। जिले में अब तक कुल 4869 सैंपल की जांच हुई हैं, जिसमें 651 डेंगू पाजिटिव मिले हैं।

वर्तमान में 290 मरीजों का इलाज शहर के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। इनमें नौ की स्थिति गंभीर है, जिन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। वहीं, 281 मरीजों को इलाज सामान्य वार्डों में चल रहा है। बुधवार को 82 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे।

यह भी पढ़ें: SNMMCH धनबाद का हाल बेहाल: ईएनटी विभाग के कार्यालय पर लगाई कागज की पर्ची और बन गया डेंगू का आइसोलेशन वार्ड

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।