Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पुरुलिया में गरजे अभिषेक बनर्जी- '2011 के बाद जंगलमहल में लौटी शांति, भाजपा ने केवल डर और विभाजन फैलाया'

    Updated: Mon, 20 Apr 2026 08:36 PM (IST)

    अभिषेक बनर्जी ने पुरुलिया में एक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा पर जंगलमहल में डर और विभाजन फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने 2011 के बाद क्षेत्र में शां ...और पढ़ें

    बलरामपुर कॉलेज मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी।

    बलरामपुर कॉलेज मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी।

    HighLights

    1. अभिषेक बनर्जी ने जंगलमहल में शांति का श्रेय ममता को दिया

    2. भाजपा सांसद को विकास कार्यों पर रिपोर्ट कार्ड पेश करने की चुनौती

    3. महंगाई और नागरिकता के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा

    जागरण संवाददाता, पुरुलिया। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। सोमवार को बलरामपुर कॉलेज मैदान में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के अखिल भारतीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने जनसभा को संबोधित किया। Bengal Election
     

    जंगलमहल में शांति का श्रेय ममता सरकार को  

    टीएमसी प्रत्याशी शांतिराम महतो के पक्ष में वोट मांगते हुए अभिषेक ने भाजपा और केंद्र सरकार पर चुन-चुनकर हमले किए। अभिषेक बनर्जी ने वाममोर्चा के शासनकाल की याद दिलाते हुए कहा कि बलरामपुर कभी माओवादियों का गढ़ हुआ करता था, जहां शाम ढलते ही लोग घरों से निकलने में डरते थे। 
     
    उन्होंने दावा किया कि 2011 में ममता बनर्जी के मुख्यमंत्री बनने के बाद ही जंगलमहल में अमन-चैन बहाल हुआ। उन्होंने भाजपा पर राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए क्षेत्र को अशांत करने का आरोप लगाया।
     

    भाजपा सांसद को खुली चुनौती 

    पुरुलिया के मौजूदा भाजपा सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो पर निशाना साधते हुए अभिषेक ने कहा क‍ि सांसद पिछले पांच साल के विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड लेकर आएं, हम भी अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे। 
     
    उन्होंने त्रिलोचन महतो और दुलाल कुमार की मौतों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा और गृहमंत्री अमित शाह ने इन घटनाओं पर केवल राजनीति की, लेकिन आज तक उनके परिजनों की सुध नहीं ली।
     

    महंगाई और नागरिकता के मुद्दे पर घेरा

    अभिषेक बनर्जी ने केंद्र सरकार को महंगाई और नागरिकता (CAA/NRC) के मुद्दे पर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा क‍ि गैस सिलेंडर 1000 रुपये के पार हो गया है और रेल सेवाएं पूरी तरह बेपटरी हैं।

    अभिषेक बनर्जी ने कहा क‍ि आम जनता को घंटों लाइन में लगकर अपनी नागरिकता साबित करने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिसका करारा जवाब मतदाता ईवीएम के जरिए देंगे।

    कुड़माली और राजबंशी भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने की राज्य सरकार की सिफारिश पर केंद्र की चुप्पी भाजपा के आदिवासी विरोधी चेहरे को उजागर करती है। 

     

    विभाजन की राजनीति नहीं चलेगी 

    अभिषेक ने आरोप लगाया कि भाजपा कुड़मी और आदिवासी समाज को बांटने की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा कि जयपुर सीट से कुड़मी नेता के बेटे को उतारना समाज को विभाजित करने की एक चाल है, जिसे पुरुलिया की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि शांतिराम महतो भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे।