आदित्यपुर में वोटर्स पर संकट: SIR प्रक्रिया में लापरवाही पड़ी भारी, 50 हजार लोगों का कट सकता है नाम
आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तहत करीब 45-50 हजार मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कटने का खतरा है। ...और पढ़ें

एसआईआर की प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में लापरवाही बनी वजह।
विधायक सविता महतो ने लोगों से सत्यापन की अपील की।
संवाद सहयोगी, आदित्यपुर। आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के मतदाताओं के लिए चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया परेशानी खड़ी कर सकती है।
अब तक सामने आए शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, अगर स्थानीय नागरिकों ने जल्द गंभीरता नहीं दिखाई, तो नगर निगम क्षेत्र के करीब 45 से 50 हजार मतदाताओं का नाम Voter List से हमेशा के लिए हट सकता है।
क्यों कट रहे हैं हजारों नाम?
वर्तमान मतदाता सूची के आंकड़ों के अनुसार, आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में कुल 1.43 लाख मतदाता पंजीकृत हैं। लेकिन वर्तमान में चल रहे इस विशेष अभियान के दौरान हजारों नामों पर तलवार लटक गई है। इसके पीछे मुख्य वजहें हैं:
- दस्तावेजों की कमी: मतदाताओं द्वारा बीएलओ (BLO) के पास मांगे गए आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं करना।
- असहयोग की स्थिति: कई शहरी इलाकों में बीएलओ के घर पहुंचने पर लोगों द्वारा सहयोग न करना या घर पर ताला लटकना।
- जागरूकता और भ्रम: ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में शहरी क्षेत्रों में एसआइआर को लेकर अधिक भ्रम है। लोग इस सरल प्रक्रिया को जटिल मानकर वेरिफिकेशन कराने से कतरा रहे हैं।
निर्वाचन आयोग ने साफ किया है कि यह प्रक्रिया बेहद आसान है और केवल निर्धारित पहचान व निवास दस्तावेजों के साथ मौके पर ही सत्यापन कराया जा सकता है।
विधायक सविता महतो ने खुद भरा फॉर्म
इस बीच, ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने इस अभियान में सक्रिय भागीदारी दिखाते हुए बुधवार को कदमा उलियान स्थित अपने आवास पर एईआरओ (AERO) किकू महतो एवं बीएलओ यस्मिन टुडू के समक्ष मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत निर्धारित प्रपत्र (फॉर्म) भरकर जमा किया।
उन्होंने आम जनता से कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर पात्र मतदाता का नाम सूची में सही और अपडेट होना जरूरी है। सभी नागरिक तय समय-सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना सत्यापन अवश्य कराएं।
उन्होंने आम जनता से कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर पात्र मतदाता का नाम सूची में सही और अपडेट होना जरूरी है। सभी नागरिक तय समय-सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना सत्यापन अवश्य कराएं।
डायरी नोट करें: एसआइआर (SIR) का पूरा शेड्यूल
निर्वाचन आयोग द्वारा इस विशेष पुनरीक्षण अभियान के लिए जो समय-सीमा तय की गई है, वह इस प्रकार है:
महत्वपूर्ण तिथि प्रक्रिया / कार्यक्रम
- 29 जुलाई 2026 तक मैपिंग एवं इम्युनरेशन (गणना) की अंतिम प्रक्रिया
- 05 अगस्त 2026 ड्राफ्ट (प्रारूप) मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन
- 08 अगस्त 2026 से प्रकाशित सूची पर दावा एवं आपत्ति (सुधार/नाम जोड़ना) दर्ज करने की शुरुआत
- 07 अक्टूबर 2026 त्रुटिरहित और अद्यतन 'अंतिम मतदाता सूची' का महा-प्रकाशन
प्रशासन की चेतावनी: जिला प्रशासन और निर्वाचन आयोग लगातार घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चला रहे हैं। यदि लोग अभी भी सजग नहीं हुए, तो 5 अगस्त को आने वाली ड्राफ्ट लिस्ट में कई नाम गायब मिल सकते हैं।