विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कांड्रा में अमलगम स्टील गेट पर हंगामा: अनुकंपा नौकरी की मांग पर धरना, JLKM कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों में भिड़ंत

Published: Thu, 20 Aug 2026 09:40 PM (GMT+05:30)

कांड्रा में अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड के गेट पर अनुकंपा नौकरी की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन हिंसक हो ...और पढ़ें

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।(AI Generated Image)

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।(AI Generated Image)

HighLights

  1. अमलगम स्टील गेट पर अनुकंपा नौकरी के लिए धरना।

  2. जेएलकेएम कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प हुई।

  3. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

संसू, गम्हरिया। अनुकंपा के आधार पर स्थायी नौकरी की मांग को लेकर गुरुवार को कांड्रा निवासी मणिमय महतो और उनके परिजनों ने अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड कंपनी के मुख्य गेट पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया। 
 
हालांकि, यह आंदोलन उस समय उग्र हो गया जब प्रदर्शनकारी परिवार के समर्थन में पहुंचे झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के कार्यकर्ताओं और कंपनी के सुरक्षाकर्मियों के बीच तीखी झड़प हो गई।
 

प्रबंधन पर धक्का-मुक्की और बंधक बनाने का गंभीर आरोप 

प्रदर्शनकारियों के अनुसार, मुख्य गेट पर धरना जारी रहने के दौरान कंपनी प्रबंधन ने दूसरे रास्ते से कर्मचारियों को अंदर भेजने का प्रयास किया। 
 
जब जेएलकेएम कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कंपनी के सिक्योरिटी इंचार्ज सुरक्षाकर्मियों के साथ रेलवे साइडिंग पहुंचे और कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की की।
 
इस दौरान एक कार्यकर्ता की बाइक की चाबी छीनने का प्रयास किया गया, जबकि एक अन्य कार्यकर्ता को कथित रूप से जबरन कांटा घर के अंदर ले जाकर बंधक बना लिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। 
 
घटना की खबर मिलते ही जेएलकेएम के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष प्रेम मार्डी मौके पर पहुंचे और उनके कड़े हस्तक्षेप के बाद बंधक बनाए गए कार्यकर्ता को बाहर निकाला जा सका।
 

मृतक कर्मचारी के आश्रित भटक रहे दर-दर 

पीड़ित परिवार ने बताया कि मणिमय महतो के पिता स्व. अशोक कुमार महतो कंपनी में डीआरआई लैब असिस्टेंट के पद पर स्थायी रूप से कार्यरत थे। 
 
बीते 4 फरवरी को उनका आकस्मिक निधन हो गया था, जिससे परिवार के सामने गहरा आर्थिक संकट पैदा हो गया। परिवार लगातार अनुकंपा के आधार पर स्थायी नौकरी की मांग कर रहा है। 
 

मौके पर पहुंची पुलिस, स्थिति नियंत्रण में 

कई दौर की वार्ता विफल होने के बाद मजबूरन उन्हें धरना प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा। विवाद और तनाव बढ़ने की सूचना पर कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू दलबल के साथ कंपनी गेट पर पहुंचे और मामले को शांत कराया। 
 
वर्तमान में स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वहीं, जेएलकेएम कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।