Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जमशेदपुर DD बार मर्डर: पुलिस को चकमा देकर ₹2 लाख के इनामी विश्वनाथ मंडल ने कोर्ट में किया सरेंडर

    Updated: Wed, 08 Jul 2026 05:03 PM (IST)

    डीडी बार हत्याकांड का मुख्य आरोपी और दो लाख का इनामी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस इस मामले में ...और पढ़ें

    दो लाख का इनामी मुख्य आरोपित विश्वनाथ मंडल ने अदालत में किया आत्मसमर्पण। (फोटो: जागरण)

    दो लाख का इनामी मुख्य आरोपित विश्वनाथ मंडल ने अदालत में किया आत्मसमर्पण। (फोटो: जागरण)

    HighLights

    1. डीडी बार हत्याकांड का मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल ने आत्मसमर्पण किया।

    2. दो लाख का इनामी विश्वनाथ जमशेदपुर कोर्ट में पुलिस से बचा।

    3. हिमांशु सिंह हत्याकांड में अब तक नौ आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपित और दो लाख रुपये के इनामी अपराधी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने बुधवार को पुलिस गिरफ्त से बचते हुए जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। विश्वनाथ सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया का निवासी है और पुलिस उसे इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता मान रही थी।

    इस मामले में पुलिस अब तक नौ आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पहले रविवार को डीडी बार के मालिक सह भाजपा नेता नीरज सिंह को राजस्थान में उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब वह अपने पुत्र के साथ खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। पुलिस ने बार के प्रबंधक विजय कुमार को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

    27 जून को हुआ था खूनी हमला

    घटना 27 जून की रात डीडी बार परिसर में हुई थी। पुलिस के अनुसार, हिमांशु सिंह, प्रत्युष आनंद और उनके दो साथियों का दूसरे पक्ष के युवकों से विवाद हुआ था। विवाद के बाद आरोपितों ने कुल्हाड़ी, चाकू, चापड़ और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

    हमले में हिमांशु सिंह और प्रत्युष आनंद गंभीर रूप से घायल हो गए। यह पूरी वारदात पुलिस की मौजूदगी में हुई थी। गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की 29 जून को टीएमएच में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि प्रत्युष आनंद का कोलकाता के अपोलो अस्पताल में इलाज चल रहा है। हिमांशु की मौत के बाद शहर में भारी आक्रोश देखने को मिला था।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- जमशेदपुर हिमांशु हत्याकांड: भाजपा ने की सीबीआई जांच की मांग, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

    यह भी पढ़ें- लोहरदगा में दोस्त ने की दोस्त की निर्मम हत्या, शव के टुकड़े कर फेंका; पुलिस ने 7 घंटे में सुलझाई गुत्थी

    यह भी पढ़ें- रांची में मूक नाबालिग को रेस्क्यू कर थाने की जगह अपने घर ले गया जमादार, मां ने लगाए संगीन आरोप

    bodra jamshedpur

    विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा।

    इनके खिलाफ दर्ज है प्राथमिकी

    हिमांशु सिंह के पिता अरविंद सिंह की शिकायत पर बिष्टुपुर थाना में डीडी बार मालिक नीरज सिंह, प्रबंधक विजय कुमार, सोनू राम सरदार, विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा, राहुल, राज लोहार, अमित लोहार, अर्जुन लोहार, गणेश लोहार, लखन मार्डी तथा अन्य अज्ञात आरोपितों के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

    अब तक इस मामले में तीन किशोरों समेत सोनू राम सरदार और राज लोहार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
    एसआईटी की कार्रवाई तेज मुख्य आरोपित विश्वनाथ मंडल की गिरफ्तारी के लिए गठित एसआईटी ने झारखंड के अलावा कोलकाता और बेंगलुरु सहित कई स्थानों पर लगातार छापेमारी की थी।

    पुलिस ने उस पर दो लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था। गिरफ्तारी का दबाव बढ़ाने के लिए उसके परिजनों से भी पूछताछ की गई थी। नीरज सिंह की गिरफ्तारी के बाद बिष्टुपुर थाना परिसर में एएसपी ऋषभ द्विवेदी के नेतृत्व में एसआईटी की बैठक हुई, जिसमें मामले में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और अनुसंधान की प्रगति की समीक्षा की गई।

    डीडी बार हत्याकांड को लेकर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है और आत्मसमर्पण के बाद अब मुख्य आरोपित विश्वनाथ मंडल से पूछताछ के आधार पर इस बहुचर्चित मामले में कई नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।