Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सोनारी भूतनाथ मंदिर में स्थापित हुआ काशी का पवित्र कलश, 15 दिनों तक दर्शन कर सकेंगे श्रद्धालु

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 12:31 AM (IST)

    जमशेदपुर में संत रविदास के 650वें प्रकाश उत्सव पर काशी से आया पवित्र कलश सोनारी भूतनाथ मंदिर में स्थापित किया गया। श्रद्धालु अगले 15 दिनों तक इसके दर् ...और पढ़ें

    मरीन ड्राइव स्थित डोबो पुल पर जब यह यात्रा पहुंची, तो श्रद्धालुओं के भारी उत्साह ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।

    मरीन ड्राइव स्थित डोबो पुल पर जब यह यात्रा पहुंची, तो श्रद्धालुओं के भारी उत्साह ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। 

    HighLights

    1. काशी से आया पवित्र कलश जमशेदपुर में भक्तिमय स्वागत के साथ पहुंचा।

    2. सोनारी भूतनाथ मंदिर में 15 दिनों के लिए दर्शन हेतु स्थापित।

    3. संत रविदास के 650वें प्रकाश उत्सव पर समरसता का संदेश।

    जागरण संवाददाता जमशेदपुर। ढोल-नगाड़ों की गगनभेदी थाप, पुष्पवर्षा और जय गुरु रविदास के जयघोष के बीच मंगलवार को लौहनगरी जमशेदपुर की फिजा पूरी तरह भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर हो गई। 
     
    मौका था संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (काशी) की पावन मिट्टी लेकर आई पवित्र कलश यात्रा के जमशेदपुर आगमन का। 
     

    पूजन के साथ निकला भव्य नगर संकीर्तन 

    मरीन ड्राइव स्थित डोबो पुल पर जब यह यात्रा पहुंची, तो श्रद्धालुओं के भारी उत्साह ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। 
     
    भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से कलश यात्रा का अभिनंदन किया। 
     
    इस दौरान विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह और मीरा मुंडा सहित कई गणमान्य लोगों ने कलश पर श्रद्धापूर्वक पुष्प अर्पित किए।

    डोबो पुल से शुरू होकर यह भव्य शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए सोनारी स्थित भूतनाथ मंदिर पहुंची। 
     

    समरसता और भाईचारे का अनूठा संदेश 

    यहां यह पवित्र कलश आगामी 15 दिनों तक श्रद्धालुओं के दर्शन और पूजन के लिए स्थापित रहेगा। विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि संत रविदास सामाजिक समरसता, समानता और आध्यात्मिक चेतना के महान प्रेरणास्रोत हैं। 
     
    उनके विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी का कर्तव्य है। प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने कहा कि संत रविदास के समता और भाईचारे के विचार आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। 
     
    वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि गुरु रविदास जी का जीवन भेदभाव मिटाकर मानवता की सेवा का मार्ग दिखाता है, जिस पर समाज और सरकार दोनों को मिलकर आगे बढ़ना चाहिए।
     

    रांची से जमशेदपुर लाया गया पावन कलश

    काशी से आई पवित्र मिट्टी के कलश को रांची से पांच सदस्यीय समिति द्वारा जमशेदपुर लाया गया, जिसमें जितेंद्र राय, पोरेश मुखी, मुचिराम बाउरी, पीके करूवा और शंभु राम शामिल रहे।

    भव्य स्वागत समारोह के दौरान देवेंद्र सिंह, बिनोद सिंह, दिनेश कुमार, गुंजन यादव, राजेश शुक्ला, मनोज सिंह, प्रशांत पोद्दार सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।