Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हल्दिया में हादसा: काम करते समय करंट की चपेट में आए माता-पिता और मासूम बेटा, तीनों की मौत

    Updated: Mon, 20 Jul 2026 06:40 PM (IST)

    पश्चिम बंगाल के हल्दिया में बिजली का काम करते समय एक ही परिवार के तीन सदस्यों - पति, पत्नी और उनके 12 वर्षीय बेटे - की करंट लगने से मौत हो गई। यह दुखद ...और पढ़ें

    प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

    प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

    HighLights

    1. हल्दिया के कुमारपुर गांव में बिजली के काम के दौरान हादसा।

    2. बचाने के प्रयास में तीनों एक-एक कर चपेट में आए।

    संवाद सूत्र, खड़गपुर। पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में हल्दिया थाना क्षेत्र के कुमारपुर गांव में बिजली का काम करने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। 
     
    मृतकों में पति, पत्नी और उनका 12 वर्षीय मासूम बेटा शामिल है। इस हादसे के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है और हर आंख नम है।
     

    नए मकान में काम करते समय हुआ हादसा

    सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान सिराज मल्लिक (45), उनकी पत्नी आलेया बीबी (42) और उनके पुत्र आसान आलम मल्लिक (12) के रूप में हुई है। 
     
    सिराज मल्लिक इन दिनों अपने नए घर का निर्माण करवा रहे थे। रविवार शाम करीब सात बजे वह घर के एक हिस्से में बिजली का कनेक्शन जोड़ने का प्रयास कर रहे थे।
     

    बचाने के चक्कर में एक-एक कर काल के गाल में समा गए तीनों

    कनेक्शन जोड़ने के लिए सिराज एक पुराने और जर्जर तार का इस्तेमाल कर रहे थे। इसी दौरान अचानक जोरदार शॉर्ट सर्किट हुआ और सिराज तेज करंट की चपेट में आकर जमीन पर गिर पड़े। 
     
    पति को तड़पता देख पत्नी आलेया बीबी बिना कुछ सोचे-समझे उन्हें बचाने के लिए दौड़ीं, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गईं। अपने माता-पिता को इस हालत में देखकर 12 वर्षीय बेटा आसान आलम भी उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़ा, पर वह भी बिजली के उसी जानलेवा जाल में फंस गया।
     

    अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें

    चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने तुरंत बिजली की मेन सप्लाई को बंद किया। इसके बाद भवानीपुर थाने की पुलिस को मामले की सूचना दी गई। 
     
    पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों को तुरंत हल्दिया महकमा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।


    सोमवार सुबह पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। एक ही झटके में पूरे परिवार के खत्म हो जाने से कुमारपुर गांव सहित पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।