हल्दीपोखर रेलवे स्टेशन पर अज्ञात दंपति के साथ मिला बच्चा, बच्चा चोरी की आशंका से मचा हड़कंप
हल्दीपोखर रेलवे स्टेशन पर एक अज्ञात महिला-पुरुष के साथ बच्चा मिलने से बच्चा चोरी की अफवाह फैल गई और हड़कंप मच गया। पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लि ...और पढ़ें

बच्चा चोरी के संदेह में स्थानीय लोगों ने दंपती को पकड़ा।
HighLights
हल्दीपोखर स्टेशन पर अज्ञात दंपति के साथ मिला बच्चा।
बच्चा चोरी की अफवाह से ग्रामीणों में भारी हड़कंप।
पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया, बच्चा सुरक्षित।
संवाद सूत्र, पोटका। कोवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत हल्दीपोखर रेलवे स्टेशन पर एक अज्ञात महिला और पुरुष के पास संदेहास्पद स्थिति में एक मासूम बच्चा मिलने से स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी हड़कंप मच गया।
स्टेशन पर इस अज्ञात जोड़े के साथ बच्चे को देखकर स्थानीय लोगों के बीच बच्चा चोरी की अफवाह तेजी से फैल गई, जिसके बाद देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा होने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उक्त महिला और पुरुष बच्चे को साथ लेकर हल्दीपोखर स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच किसी ने उनके संदेहास्पद हाव-भाव को देखकर बच्चा चोरी होने की बात फैला दी।
मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज, समाजसेवी रतन सोनकर और देव पालित सहित कई प्रबुद्ध लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।
उन्होंने स्थिति को बिगड़ने से संभाला और तत्काल कोवाली थाना प्रभारी को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस बल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा।
जब पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अज्ञात महिला और पुरुष से बच्चे के संबंध में पूछताछ की, तो वे कुछ भी स्पष्ट बताने या बोलने को तैयार नहीं हुए।
दोनों की इस रहस्यमयी खामोशी ने ग्रामीणों के शक को और पुख्ता कर दिया कि बच्चा कहीं से चोरी करके लाया गया है।
इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों संदिग्धों को अपनी हिरासत में ले लिया और आगे की पूछताछ के लिए थाने ले आई।
वहीं, मासूम बच्चे की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे जांच पूरी होने तक स्टेशन के पास ही रहने वाले एक स्थानीय दंपति को सुरक्षित सौंप दिया गया है।
इस संबंध में समाजसेवी रतन सोनकर ने कहा कि यह पूरा मामला बेहद गंभीर और गहन जांच का विषय है। वहीं, मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने बताया कि सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचीं और आक्रोशित भीड़ को कानून हाथ में न लेने की सख्त हिदायत दी।
उन्होंने समय रहते पुलिस को सूचित कर दोनों संदिग्धों को थाने भिजवाया। कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव ने बताया कि प्राथमिक दृष्टि में हिरासत में लिए गए महिला और पुरुष दोनों मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत हो रहे हैं।