जमशेदपुर में ईंट-बालू कारोबारी पर जानलेवा हमला, बुलेट सवार बदमाशों ने चाकू से किया वार
टेल्को में ईंट-बालू कारोबारी सुजीत झा पर बुलेट सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने चाकू से जानलेवा हमला किया। ...और पढ़ें
-1780768020408_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
टेल्को में ईंट-बालू कारोबारी पर चाकू से हमला।
बुलेट सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने किया वार।
हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए दी धमकी।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टेल्को थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह बदमाशों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक ईंट-बालू कारोबारी पर जानलेवा हमला कर दिया।
केबल टाउन निवासी कारोबारी सुजीत झा पर बुलेट सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने अचानक हमला बोला और उनके गले पर चाकू से वार कर दिया। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। लहूलुहान हालत में कारोबारी टेल्को थाना पहुंचे और पुलिस को आपबीती सुनाई।
सुजीत झा ने पुलिस को बताया कि वह रोज की तरह शनिवार सुबह अपने स्टाक (व्यवसाय स्थल) पर पहुंचे थे। इसी दौरान बुलेट बाइक पर सवार दो युवक वहां धमक पड़े।
बिना कुछ बात किए दोनों ने सुजीत के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। अपराधियों ने कहा, तुम बहुत पैसा कमा रहे हो।
इतना बोलते ही एक बदमाश ने सुजीत को पीछे से दबोच लिया और दूसरे ने उनके गले पर धारदार चाकू रख दिया जब खुद को बचाने का प्रयास किया और विरोध जताया, तो बेखौफ बदमाशों ने उनके गले पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
चौंकाने वाली बात यह है कि हमलावरों ने कारोबारी से सीधे तौर पर किसी रकम या रंगदारी की मांग नहीं की। वे सिर्फ कारोबारी के मन में दहशत पैदा करने और धमकी देने के इरादे से आए थे।
किसी से कोई दुश्मनी नहीं
कारोबारी ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं है। हमला करने वालों को पहचानता भी नहीं हूं। बदमाशों ने पैसे नहीं मांगे, बस जान से मारने की धमकी देकर चले गए।
सूचना के बाद टेल्को थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस स्टाक यार्ड और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बुलेट सवार बदमाशों का सुराग लगाया जा सके।
यह भी पढ़ें- रांची में पिज्जा खाने गई नाबालिग का अपहरण कर किया था दुष्कर्म, कोर्ट ने उमेंद्र राय को सुनाई 20 साल की सजा