सीसीटीवी फुटेज से पकड़े गए स्नेचर: छिनतई की सोने की चेन खरीदने वाला सुनार भी गिरफ्तार, 40 हजार नकद जब्त
जमशेदपुर पुलिस ने मॉर्निंग वॉक के दौरान वृद्ध महिला से सोने की चेन छीनने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों और चोरी की चेन खरीदने व ...और पढ़ें

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी बादल मोहंती की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
HighLights
वृद्ध महिला से चेन छीनने वाले गिरोह का भंडाफोड़।
तीन अपराधी और चोरी की चेन खरीदने वाला सुनार गिरफ्तार।
हथियार, नकदी और चोरी की सोने की चेन बरामद।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। जमशेदपुर की ओलीडीह ओपी थाना पुलिस ने शंकोसाई रोड नंबर एक में मॉर्निंग वॉक के दौरान एक वृद्ध महिला से सोने की चेन छीनने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य अपराधियों और छिनतई की चेन खरीदने वाले एक सुनार को गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने छिनतई की गई सोने की चेन, चेन का एक टुकड़ा, एक लोडेड देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, 40 हजार रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साकची गुरुद्वारा रोड निवासी बादल कुमार मोहंती, टेल्को मनीफीट छठ घाट निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ ऋतिक और ओलीडीह शंकोसाई रोड नंबर-5 निवासी राजा बनर्जी उर्फ बड़ा चेला के रूप में हुई है।
सीसीटीवी फुटेज से मिली सफलता
वहीं छिनतई का माल खरीदने वाले बिष्टुपुर के सुनार सुशील बउरा को भी पुलिस ने दबोच लिया है। मामले की जानकारी सिटी एसपी ललित मोहन मीणा ने दी।
उन्होने मंगलवार को बताया कि बीते एक अगस्त की सुबह करीब 5:45 बजे शंकोसाई रोड नंबर एक पर टहल रही वृद्ध महिला आशा रानी सारंगी के गले से अपराधियों ने सोने की चेन झपट ली थी।
यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी बादल मोहंती की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
एनएच-33 पर लूट की बड़ी साजिश नाकाम
इसी दौरान तीन अगस्त की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ हथियारबंद अपराधी ओलीडीह स्थित वसुंधरा एस्टेट के समीप स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट भवन के खंडहरनुमा परिसर में छिपे हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी कर छापेमारी की और तीनों आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने वृद्ध महिला से चेन छिनतई की बात स्वीकार की।
उन्होंने बताया कि लूटी गई चेन बिष्टुपुर के सुनार को बेची गई थी। प्रारंभिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि तीनों आरोपी एनएच-33 क्षेत्र में हथियार के बल पर लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
पुलिस की सतर्कता से यह साजिश नाकाम हो गई। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।